छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट मिडियेशन सेंटर के प्रथम न्यूज लेटर का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा ने किया विमोचन…

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय मिडियेशन सेंटर के प्रथम न्यूज लेटर का विमोचन किया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा ने…

अगस्त, 03/ 2021, बिलासपुर

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर में मिडियेशन कमेटी के द्वारा अपनी गतिविधियों से संबंधित प्रथम न्यूज लेटर का प्रकाशन किया गया है, जिसका विमोचन उच्च न्यायालय के कान्फे्रंस हाॅल में न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर एवं कार्यपालक अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा किया गया।

यह कार्यक्रम न्यायमूर्ति मनीन्द्र मोहन श्रीवास्तव, न्यायाधीश, उच्च न्यायालय एवं अध्यक्ष, उच्च न्यायालय किशोर न्याय समिति, न्यायमूर्ति पी.सैम कोशी, न्यायाधीश, उच्च न्यायालय एवं अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय मेडियेशन सेंटर एवं मध्यस्थता केन्द्रों की निगरानी समिति तथा न्यायमूर्ति आर.सी.एस. सामंत, श्रीमती न्यायमूर्ति विमला सिंह कपूर, सदस्य मध्यस्थता केन्द्रों की निगरानी समिति के गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

विमोचन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा, ने कहा कि पुरातन समय से ही मध्यस्थता विभिन्न समूहों और पक्षकारों के बीच विवादों को सुलझाने का एक सशक्त माध्यम रहा है। मध्यस्थता का सर्वोपरि लाभ यह है कि यह किसी निर्णय पर समाप्त नहीं होता जिसमें कि एक पक्ष विजयी होता है और दूसरा पराजित होता है। सफल मध्यस्थता समाधान पर समाप्त होता है जिसमें दोनों पक्ष विजयी होते हैं। इस प्रकार कानूनी प्रक्रिया सहित सभी के लिये यह एक जीत की स्थिति होती है। यह किसी विशिष्ट प्रकरण को न केवल प्रकरणों की सूची से हटाता है अपितु विवाद को सुलझाने हेतु मध्यस्थता का अनुसरण करने के लिए अन्य लोगों को प्रोत्साहित भी करता है।

न्यायमूर्ति पी.सैम कोशी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पक्षकारों के बीच विवाद को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने की प्रक्रिया भी अपने शैशव अवस्था में है। यह एक ऐसा राज्य है जो कि मुख्य रूप से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में है और जहां अशिक्षित और ग्रामीण लोग निवास करते हैं। ऐसी स्थिति में विवाद सुलह की ऐसी विधि के बारे में नागरिकों को जागरूक करने में मुख्य भूमिका विधिक समुदाय विशेष रूप से छत्तीसगढ़ राज्य के न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं की होती है। विवाद सुलह की प्रक्रिया का संदेश राज्य में चारो ओर प्रकाशित किया जाना होगा और इसमें न्यायालयों में विधि व्यवसाय करने वाले अधिवक्ताओं की मुख्य भूमिका कर्तव्य और जिम्मेदारी है कि मध्यस्थता के क्षेत्र में जागरूकता का प्रकाश फैलायें।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए न्यायमूर्ति आरसीएस सामंत ने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों में इस बात पर बल दिया गया है कि प्रत्येक क्षेत्राधिकार वाले न्यायालय शमनीय प्रकृति के प्रकरणों में पक्षकारों के बीच समझौते को प्रोत्साहित किया जाये। और मध्यस्थता वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली का एक सशक्त माध्यम है।

प्रकाशित न्यूज लेटर में मध्यस्थता प्रक्रिया के संबंध में जानकारी तथा उच्च न्यायालय मध्यस्थता केन्द्र के द्वारा किये गये उल्लेखनीय कार्यो का विवरण सम्मिलित करते हुए प्रकाशन किया गया है तथा प्रदेश के 23 जिला न्यायालयों में मध्यस्थता केन्द्र की जानकारी दी गयी है। मध्यस्थता प्रशिक्षण एवं मध्यस्थता हेतु आवेदन देने की प्रक्रिया के संबंध में भी इसमें जानकारी देते हुए रेफरल जजों के लिए जारी किये गये आवश्यक दिशा निर्देश को भी समाहित किया गया है।

उच्च न्यायालय मध्यस्थता केन्द्र के प्रभारी एवं सचिव, मध्यस्थता केन्द्र निगरानी समिति संजय कुमार जायसवाल ने बताया है कि दिनांक 1 जनवरी 2019 से 31 अक्टूबर 2020 तक की अवधि में उच्च न्यायालय तथा जिला न्यायालयों में स्थित मध्यस्थता केन्द्र द्वारा कुल 1179 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। इसके लिये प्रदेश भर में कुल 214 न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं को मध्यस्थता का 40 घंटे का प्रशिक्षण दिया गया है। उच्च न्यायालय में 24 अधिवक्ता मीडियेटर के रूप में कार्य कर रहे है।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor

Next Post

बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट के उन्नयन एवं हवाई सेवा के विस्तार की मांग.... सांसद अरुण साव ने नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की मुलाकात...

Tue Aug 3 , 2021
बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट के उन्नयन एवं हवाई सेवा के विस्तार की मांग… सांसद अरुण साव ने नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की मुलाकात…. अगस्त, 03/2021, बिलासपुर बिलासपुर सांसद अरुण साव ने नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मंत्रालय में मुलाकात की। इस दौरान विमानन मंत्री सिंधिया ने बिलासपुर […]

You May Like

Breaking News