• Thu. Feb 19th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

मनरेगा के नाम परिवर्तन के विरोध में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, पुलिस से झड़प के बीच सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर, फरवरी, 19/2026

मनरेगा के नाम परिवर्तन के विरोध में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, पुलिस से झड़प के बीच सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर। केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलकर “वीबी जी राम जी” किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंका है। आज छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन था जिसमें बिलासपुर में भी जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया।

नेहरू चौक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए, जहां मंच के माध्यम से “मनरेगा बचाओ अभियान” के तहत नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट घेराव के लिए रैली निकाली।

जैसे ही रैली कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ी, प्रशासन पहले से अलर्ट नजर आया। भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले ही पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और गर्म हो गया जब जिला ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री पुलिस घेरा तोड़ते हुए बैरिकेड तक पहुंच गए। इसके बाद कई कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग को पार करने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के पास ही जोरदार नारेबाजी की और केंद्र सरकार के फैसले को “गरीब विरोधी” बताया।

करीब घंटों तक चले प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एडिश्नल कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मनरेगा का नाम परिवर्तन वापस लेने की मांग के साथ ग्रामीण रोजगार पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई गई।

प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएग। कांग्रेस ने इस आंदोलन के जरिए ग्रामीण रोजगार, मजदूर हित और गांधीवादी विचारधारा को मुद्दा बनाते हुए केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है, जिससे आने वाले समय में यह मुद्दा प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में और गरमा सकता है।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor