• Fri. Oct 23rd, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज, 27 अक्टूबर को बिलासपुर आएंगे नवकिशोर पटनायक.. मोहन भागवत के बिलासपुर दौरे पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, पूछा- जनता को क्या मिलेगा ?

बिलासपुर, अक्टूबर, 23/2026

वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज, 27 अक्टूबर को बिलासपुर आएंगे नवकिशोर पटनायक..

मोहन भागवत के बिलासपुर दौरे पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, पूछा- जनता को क्या मिलेगा ?

बिलासपुर में संगठन की बैठक लेकर तय की जाएगी आगे की रणनीति, 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होंगे छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान को प्रभावी बनाने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के लिए पार्टी स्तर पर बैठकों का दौर जारी है। इसी कड़ी में अभियान के प्रभारी नितिन ने बिलासपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर अभियान की समीक्षा की और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की।

वहीं, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से बिलासपुर का प्रभार संभालने वाले नवकिशोर पटनायक 27 अक्टूबर को शहर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे मीडिया से चर्चा करेंगे। इसके बाद बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) और कोरबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठन को मजबूत करने और अभियान को गति देने पर चर्चा करेंगे।

कांग्रेस की आगामी राजनीतिक गतिविधियों में 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की राष्ट्रीय रैली भी शामिल है। इस रैली में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है। पार्टी का कहना है कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर लगातार तैयारियां की जा रही हैं।

मोहन भागवत के बिलासपुर दौरे पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, पूछा- जनता को क्या मिलेगा?

कांग्रेस का आरोप- दौरे से भाजपा को राजनीतिक फायदा हो सकता है, लेकिन किसानों और मजदूरों को क्या मिलेगा?

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के बिलासपुर दौरे को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने उनके दौरे को लेकर सवाल उठाते हुए भाजपा और संघ की विचारधारा तथा कार्यशैली पर निशाना साधा है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता नितिन त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि संघ और भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है।

त्रिवेदी ने कहा कि मोहन भागवत विदेशों में सभी धर्मों के समन्वय की बात करते हैं, लेकिन उनकी विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं का व्यवहार भी जनता देख रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि भागवत के बिलासपुर दौरे से भाजपा को राजनीतिक लाभ होगा या नुकसान, यह तो भविष्य में स्पष्ट होगा, लेकिन इससे किसानों, मजदूरों और आम छत्तीसगढ़वासियों को सीधे तौर पर क्या फायदा मिलेगा?

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान आदिवासी परंपराओं के अपमान का आरोप

कांग्रेस प्रवक्ता ने राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ दौरे का जिक्र करते हुए आदिवासी परंपराओं के कथित अपमान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जोगी रस्म के दौरान आदिवासी व्यक्ति को समय से पहले उठाया गया और रथ को जेसीबी की मदद से खींचा गया।

त्रिवेदी ने इसे आदिवासी समाज की परंपराओं और सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए सवाल उठाए। कांग्रेस ने इस मुद्दे के जरिए भाजपा की कार्यशैली पर निशाना साधा है।

मोहन भागवत के दौरे को लेकर कांग्रेस के सवालों के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं। हालांकि, इस पूरे मामले में भाजपा और संघ की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आने पर उनका पक्ष भी महत्वपूर्ण होगा।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed