बिलासपुर, अक्टूबर, 28/2025
ललितेश्वर महादेव मंदिर में 150 साल बाद गूंजेगा पुनः प्राण प्रतिष्ठा मंत्रोच्चार… श्रीराम मंदिर बलखंडी बाबा परिसर में 7 दिवसीय भव्य शिव-श्याम महोत्सव 30 अक्टूबर से..
बिलासपुर। श्रीराम मंदिर बलखंडी बाबा परिसर एक बार फिर से भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंगने जा रहा है। यहाँ 150 वर्ष पुराने देवाधिदेव भगवान ललितेश्वर महादेव देवालय के जीर्णोद्धार पश्चात पुनः प्राण प्रतिष्ठा एवं नवग्रह विग्रह स्थापना महोत्सव 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक भव्य रूप से आयोजित होगा। इस अवसर पर श्याम महोत्सव भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
श्रीराम बलखंडी बाबा कमेटी (न्यास) के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी मंगतराय अग्रवाल ने पत्रवार्ता में बताया कि 150 साल पुराने शिव परिवार मंदिर का जीर्णोद्धार कर इसे नया स्वरूप दिया गया है। पहले यह मंदिर मात्र 4 फीट क्षेत्र में था, अब इसे विस्तार देकर लगभग 1500 वर्गफीट में भव्य रूप प्रदान किया गया है। मंदिर प्रांगण में राम दरबार, हनुमान मंदिर और शिव मंदिर पहले से ही स्थित हैं। लगभग सात वर्ष पूर्व राजस्थान की जीर्णमाता की स्थापना की गई थी। अब यहाँ कुल छह मंदिर हो चुके हैं।
उन्होंने आगे बताया कि 5 नवंबर को भगवान शंकर जी और नवग्रहों की प्रतिमाओं की स्थापना एवं अनावरण किया जाएगा। यह कार्यक्रम पूज्य श्रीचक्र महामेरु पीठाधिपति अनंत श्री विभूषित श्री श्री सच्चिदानंद तीर्थ महास्वामी महाराज के सानिध्य में तथा पं. श्री वीरेश्वर (धनंजय) दातार के आचार्यत्व में सम्पन्न होगा।
इस सात दिवसीय यज्ञ में बनारस से आए 14 वैदिक विद्वान पंडितों द्वारा चारों वेदों का पाठ, रूद्र एवं नवग्रह होम सहित विविध वैदिक अनुष्ठान किए जाएंगे।
श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन
धार्मिक कार्यक्रमों के साथ 15वां श्री श्याम वार्षिक उत्सव भी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।
31 अक्टूबर को श्याम पाठ होगा। 1 नवंबर को 1500 निशान यात्रा निकाली जाएगी, जो तिलक नगर राम मंदिर से प्रारंभ होकर खाटू श्याम मंदिर तक पहुंचेगी। शाम को श्याम भजन संध्या का आयोजन होगा। 2 नवंबर को श्री सवामणी भोग और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की तिथि वार जानकारी
30 अक्टूबर (गुरुवार) कार्तिक शुक्ल नवमी मंडप प्रवेश, चारों वेदों की स्थापना एवं पूजन, अरणी मंथन द्वारा अग्नि प्राकट्य
31 अक्टूबर (शुक्रवार) कार्तिक शुक्ल दशमी चारों वेदों का परायण, रूद्र एवं नवग्रह होम
1 नवंबर (शनिवार) कार्तिक शुक्ल एकादशी रूद्रार्चन, मूर्तियों का जलाधिवास
2 नवंबर (रविवार) कार्तिक शुक्ल द्वादशी प्रतिष्ठांग होम, मूर्तियों का अन्नाधिवास
3 नवंबर (सोमवार) कार्तिक शुक्ल त्रयोदशी दैनिक पूजन एवं होम, मूर्तियों का घृताधिवास
4 नवंबर (मंगलवार) कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी मूर्तियों की शोभायात्रा, शिखर अभिषेक एवं शैय्याधिवास
5 नवंबर (बुधवार) कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा प्राण प्रतिष्ठा (सुबह 11 बजे), पूर्णाहुति (सुबह 11:30 बजे), प्रसाद वितरण (दोपहर 12 बजे से)
पत्रवार्ता में अध्यक्ष मंगतराय अग्रवाल, सचिव कमल सोनी, सहसचिव अनिल अग्रवाल एवं शेखर मुदलियार उपस्थित रहे।
मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के लिए भव्य सजावट, धार्मिक झांकियाँ और प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की जा रही है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि बिलासपुर की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
Author Profile
Latest entries
अपराध28/10/2025मस्तूरी में दहशत: तीन नकाबपोशों ने बरसाईं गोलियां, दो लोग घायल – पुलिस जांच में जुटी…
धर्म-कला -संस्कृति28/10/2025ललितेश्वर महादेव मंदिर में 150 साल बाद गूंजेगा पुनः प्राण प्रतिष्ठा मंत्रोच्चार… श्रीराम मंदिर बलखंडी बाबा परिसर में 7 दिवसीय भव्य शिव-श्याम महोत्सव 30 अक्टूबर से..
Uncategorized27/10/2025“छठ घाट पर गूंजा आस्था का स्वर: समिति और भक्तों ने मिलकर किया श्रमदान”
Uncategorized27/10/2025खनिजों का अवैध खनन व परिवहन करते 08 वाहन जब्त
