बिलासपुर, नवंबर, 18/2025
आदिवासी समाज को भाजपा ही दे रही उनका हक, कांग्रेस ने हमेशा किया वोट बैंक की तरह इस्तेमाल: देवलाल ठाकुर
बिलासपुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने मंगलवार को बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि देश की 75 वर्षों की यात्रा में आदिवासी समाज के सम्मान, उत्थान और अधिकारों के लिए वास्तविक कार्य केवल भाजपा सरकारों ने किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा आदिवासी समुदाय को मात्र वोट बैंक के रूप में देखा और कभी उनके मान-सम्मान की चिंता नहीं की।
श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी दशकों तक सिर्फ एक परिवार के इर्द-गिर्द सिमटी रही, जिसके कारण आदिवासी समाज को वह पहचान और स्थान नहीं मिल पाया, जिसके वे पूरी तरह से हकदार थे। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समुदाय के योगदान को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानपूर्वक प्रस्तुत किया और उनकी वीर गाथाओं को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में समर्पित किया गया है, जो आदिवासी सम्मान की ऐतिहासिक पहल है।
प्रवक्ता ठाकुर ने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विश्नुदेव साय की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान, केंद्र की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आदिवासी नेतृत्व को आगे बढ़ाने के प्रयासों को प्रधानमंत्री ने ऐतिहासिक और सराहनीय बताया है।
उन्होंने कांग्रेस पर इतिहास से आदिवासी योगदान को मिटाने का भी आरोप लगाया। ठाकुर ने कहा कि बिहार के तिलका मांझी, बस्तर के वीर नारायण सिंह, सिंहभूमि के बुधु भगत सहित अनेकों आदिवासी वीरों ने अंग्रेजों और मुगल शासन दोनों के खिलाफ संघर्ष किया, लेकिन कांग्रेस की इतिहास लेखन नीति ने उनके बलिदानों और योगदानों को उचित स्थान नहीं दिया। “नेहरू-गांधी परिवार की राजनीति के चलते आदिवासियों को कभी वह पहचान नहीं मिली जिसकी वे पात्र थे,” उन्होंने कहा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए ठाकुर ने कहा कि वे देश की प्रथम महिला आदिवासी राष्ट्रपति हैं, लेकिन कांग्रेस ने उनके चुनाव के समय विरोध कर अपनी आदिवासी विरोधी मानसिकता उजागर की थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि उनके शासन में एकलव्य विद्यालयों की स्थापना, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दिल्ली में आवास-भोजन की सुविधा तथा जनजातीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर ढांचागत सुधार किए गए, जिससे आदिवासी समाज को नई दिशा मिली।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बस्तर में नक्सलवाद तेजी से कमजोर पड़ा है और विकास कार्यों की रफ्तार अब स्पष्ट दिखने लगी है। जनधन योजना, वनाधिकार, जनजातीय उत्थान कार्यक्रमों जैसी योजनाओं ने पहली बार आदिवासी समाज को मुख्यधारा की तेज प्रगति का हिस्सा बनाया है।
भविष्य को लेकर आशावादी दृष्टिकोण व्यक्त करते हुए ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा और आदिवासी समाज को वह गौरवपूर्ण स्थान मिलेगा, जिसके लिए प्रधानमंत्री निरंतर प्रयासरत हैं।
प्रेसवार्ता में भाजपा बिलासपुर शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, अनुजनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री मनोहर राज, जिलाध्यक्ष लखन पैकरा, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा, मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय और सोशल मीडिया जिला संयोजक देवेश खत्री सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Author Profile
Latest entries
Uncategorized20/11/202526 दिन बाद एक्शन: छात्र अर्सलान की संदिग्ध मौत पर सुरक्षा अधिकारी-वार्डन पर अपराध दर्ज…
अपराध20/11/202555 लाख का सौदा, 53.24 लाख लेने के बाद भी आधी जमीन! बाकी 24 डिसमिल दूसरे को बेचने की तैयारी…
Uncategorized19/11/2025आरआई पदोन्नति घोटाले पर EOW–ACB की बड़ी कार्रवाई: रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा में एक साथ छापे, सूरजपुर के आरआई अभिषेक सिंह से पूछताछ जारी
Uncategorized18/11/2025आदिवासी समाज को भाजपा ही दे रही उनका हक, कांग्रेस ने हमेशा किया वोट बैंक की तरह इस्तेमाल: देवलाल ठाकुर
