बिलासपुर, फरवरी, 05/2026
अब थाने के अनुभव पर सीधे आईजी को मिलेगा फीडबैक,, बिलासपुर पुलिस रेंज में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड प्रणाली का शुभारंभ…
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस रेंज में पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नवाचार की शुरुआत की गई है। पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से विकसित ‘अनुभव’ क्यूआर कोड प्रणाली का शुभारंभ बुधवार को बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में किया गया।
कार्यक्रम में संभाग आयुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। वहीं बिलासपुर रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ एवं सक्ती के पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

इस प्रणाली के माध्यम से अब आम नागरिक थाने में मिले अपने अनुभव को क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुँचा सकेंगे। क्यूआर कोड स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलता है, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से नागरिक अपना फीडबैक दर्ज कर सकते हैं। पहचान और मोबाइल नंबर साझा करना पूर्णतः वैकल्पिक रखा गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजीपी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिस का तकनीकी रूप से सशक्त होना आवश्यक है। ‘अनुभव’ पहल के जरिए नागरिक सरल तकनीक के माध्यम से पुलिस से अपने अनुभव साझा कर सकेंगे, जिससे व्यवस्था में समय पर सुधार संभव होगा। उन्होंने बताया कि रेंज के सभी आठ जिलों के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में क्यूआर कोड स्थापित कर दिए गए हैं।

जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे आमजन बिना किसी झंझट के अपनी समस्याएं और अनुभव सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँचा सकेंगे। संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन ने कहा कि हम जनता के सेवक हैं और हमारे कार्य का मूल्यांकन भी जनता द्वारा ही होना चाहिए, ऐसे नवाचार समय की आवश्यकता हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में क्यूआर कोड लगाए जा चुके हैं और प्राप्त फीडबैक के आधार पर थानों की कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने भी अपने विचार रखते हुए इसे पुलिसिंग को बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक पहल बताया।
इस अवसर पर ‘अनुभव’ प्रणाली के उपयोग और महत्व पर आधारित एक वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

आज से यह व्यवस्था बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के सभी थानों में लागू कर दी गई है। आईजीपी ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रणाली का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, सकारात्मक कार्यों की सराहना करें और कमियों की जानकारी निर्भय होकर दें, ताकि पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

Author Profile
Latest entries
अपराध28/09/2026पद और पार्टी ज्वाइनिंग के नाम पर लाखों का खेल ! 82.63 लाख की ठगी में निखत परवीन शाबरी गिरफ्तार…
बिलासपुर28/09/2026बिलासपुर को विधायक अमर अग्रवाल की बड़ी सौगात, 5.36 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिलेगी गति…
बिलासपुर28/09/2026बिलासपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल, CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट घेरा, पुलिस से हुई झूमाझटकी!
प्रशासन28/09/2026खनिज विभाग की नाक के नीचे खजुरी नवागांव में बेखौफ अवैध खनन, खनिज चोरों ने शासकीय भूमि में खुदाई कर निकाले करोड़ों के मुरूम-पत्थर, जिम्मेदार कुंभकर्णी नींद में ?
