• Wed. Nov 18th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

कहीं आधा तो कहीं चौथाई रकबा दर्ज, धान खरीदी से पहले किसानों की बढ़ी मुसीबत… कांग्रेस ने सरकार को दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी…

बिलासपुर, नवंबर, 18/2026

कहीं आधा तो कहीं चौथाई रकबा दर्ज, धान खरीदी से पहले किसानों की बढ़ी मुसीबत…

कांग्रेस ने सरकार को दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी…

धान खरीदी में रकबे का बड़ा खेल! कहीं 8 एकड़ की जगह दर्ज हुआ 4 एकड़, किसान परेशान

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही किसानों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। बिलासपुर के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में किसानों के पंजीकृत रकबे में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। कहीं 8 एकड़ की जगह महज 4 एकड़ तो कहीं 2 एकड़ जमीन का ही रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज होने से किसान अपनी पूरी उपज बेचने को लेकर चिंतित हैं। वहीं पटवारियों की हड़ताल ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है। रकबे में सुधार नहीं होने से किसान राजस्व कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है। सरकार और प्रशासन ने खरीदी की तैयारियां पूरी होने का दावा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर राजस्व रिकॉर्ड में सामने आ रही गड़बड़ियां किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई हैं। किसानों का कहना है कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में उनकी वास्तविक जमीन का रकबा कम दर्ज होने के कारण वे निर्धारित मात्रा में धान नहीं बेच पा रहे हैं। समय पर सुधार नहीं हुआ तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

विजय केशरवानी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता

 

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेता विजय केशरवानी ने सैकड़ों खरीदी केंद्रों से जुड़ी सूची सामने रखते हुए रकबे की गड़बड़ी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रभावित किसानों के रिकॉर्ड में तत्काल सुधार करने और धान खरीदी प्रभावित नहीं होने देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि किसानों को जल्द राहत नहीं मिली तो कांग्रेस प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन करेगी।

इधर, पटवारियों की हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने से किसानों को रकबा सुधारने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की मांग है कि सरकार इस समस्या का तत्काल समाधान करे, ताकि धान खरीदी की अंतिम समय-सीमा से पहले उनका पूरा पंजीकृत रकबा दुरुस्त हो सके।

संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर

वहीं कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी रकबे में गड़बड़ी की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर रकबा सुधारने का विकल्प उपलब्ध हो गया है। प्रशासन प्रभावित किसानों की सूची के आधार पर त्रुटियों को सुधारने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।

विकास लास्कर, किसान

अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन समय रहते सभी प्रभावित किसानों के रकबे में सुधार कर पाएगा या फिर रिकॉर्ड की इस गड़बड़ी और पटवारियों की हड़ताल के बीच किसानों को अपनी ही उपज बेचने के लिए परेशान होना पड़ेगा।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed