• Sun. Mar 8th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

दुर्ग में अफीम की खेती पर सियासत गरम : कांग्रेस ने सरकार को घेरा,, भाजपा नेता की संलिप्तता,, नशे के कारोबार को सरकार पर संरक्षण देने का आरोप ?…

बिलासपुर, मार्च, 08/2026

दुर्ग में अफीम की खेती पर सियासत गरम : कांग्रेस ने सरकार को घेरा,, भाजपा नेता की संलिप्तता,, नशे के कारोबार को सरकार पर संरक्षण देने का आरोप ?…

बिलासपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में एक भाजपा नेता की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

बताया जा रहा है कि दुर्ग जिले के समोदा गांव स्थित एक फार्म हाउस में करीब 10 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। इस मामले में भाजपा के दुर्ग जिला किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक विनायक चंद्राकर का नाम सामने आया है।

घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी संबंधित खेत पहुंचे और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

इसी कड़ी में बिलासपुर में कांग्रेस शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने प्रेस वार्ता कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार के संरक्षण के बिना इतनी बड़े पैमाने पर अफीम की खेती संभव नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में जुआ, सट्टा, शराब तस्करी और नशे का कारोबार बढ़ा है। उनका कहना है कि राज्य में अवैध नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं।

कांग्रेस ने राज्य के गृह मंत्री से इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की है। साथ ही आरोप लगाया कि प्रदेश के कई शहरों के आउटर इलाकों में कैफे और अन्य स्थान युवाओं के बीच नशे के अड्डे बनते जा रहे हैं।

कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों के दौरान शराब, गांजा, अफीम और अन्य मादक पदार्थों के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है और नाबालिग बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रशासन और खुफिया तंत्र इस मामले में प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है।

कांग्रेस जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशू और महेंद्र ने यह भी कहा कि पिछले 13 महीनों में नारकोटिक्स से जुड़े हजारों मामले सामने आए हैं, जिनमें से कई का खुलासा सोशल मीडिया के माध्यम से हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।

हालांकि मामला सामने आने के बाद भाजपा ने अफीम की खेती करने वाले जिला किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष विनायक चंद्राकर को पार्टी से निलंबित कर दिया है।

लेकिन इसके बाद भी राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और गरमा सकता है।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor

You missed