• Fri. Feb 20th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

24 घंटे में लूट कांड का खुलासा: सराफा एसोसिएशन ने बिलासपुर पुलिस को किया सलाम

बिलासपुर, फरवरी, 20/2026

24 घंटे में लूट कांड का खुलासा: सराफा एसोसिएशन ने बिलासपुर पुलिस को किया सलाम…

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में 17 फरवरी को हुई सराफा व्यापारी से बड़ी लूट की घटना के बाद बिलासपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर अंतरराज्यीय गिरोह को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस त्वरित कार्रवाई के लिए सराफा एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया है।

सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि जिस तत्परता और सूझबूझ के साथ पुलिस ने दूसरे प्रदेश से आए अपराधियों को गिरफ्तार किया, वह बेहद प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई न सिर्फ बिलासपुर पुलिस की दक्षता को दर्शाती है, बल्कि आम जनता का विश्वास भी और मजबूत करती है।

कमल सोनी ने आईजी राम गोपाल गर्ग और एसपी रजनेश सिंह का विशेष धन्यवाद देते हुए बताया कि घटना के समय अवकाश पर होने के बावजूद दोनों अधिकारी लगातार सक्रिय रहे और पूरे मामले की मॉनिटरिंग करते रहे। इसके साथ ही एडिशनल एसपी, सीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों सहित विभिन्न जिलों की पुलिस टीमों के बीच बेहतरीन समन्वय देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि बिलासपुर पुलिस की यह कार्रवाई एक मिसाल बन गई है और भविष्य के लिए एक सकारात्मक संदेश देती है। “ऐसी पुलिस व्यवस्था को सलाम है,” उन्होंने कहा।

सराफा एसोसिएशन ने इस घटना में घायल व्यापारी संतोष तिवारी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor