बिलासपुर, अप्रैल, 02/2026
महंगाई पर सियासत तेज : कांग्रेस का मोदी सरकार पर आर्थिक विफलता का आरोप,, रसोई से सफर तक महंगाई की मार,, पीस रहा आम आदमी…
बिलासपुर। देशभर में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों को लेकर बिलासपुर जिला/शहर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। गुरुवार को कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला/शहर अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलता के कारण आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की वृद्धि कर दी है, जबकि बीते तीन महीनों में ही इसमें 525 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं, पिछले सप्ताह घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में भी 62 रुपये की वृद्धि की गई, जिससे आम आदमी की रसोई पर सीधा असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती का प्रचार किया गया, लेकिन वास्तविकता यह है कि कई राज्यों में पेट्रोल के दाम फिर बढ़ गए हैं। कुछ पेट्रोल पंपों पर यह वृद्धि 4 रुपये तक दर्ज की गई है। साथ ही एविएशन टर्बाइन फ्यूल के दाम बढ़ने से हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खाद्य तेल, दूध, मावा और अन्य दैनिक उपभोग की वस्तुओं के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं, जिससे आम परिवार का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने कहा कि जिस खाद्य तेल को 70 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने में दशकों लगे, वह अब 200 रुपये के पार पहुंच गया है। घरेलू गैस सिलेंडर, जो पहले 400 रुपये में महंगा लगता था, अब 900 से 1000 रुपये तक पहुंच चुका है।
प्रेसवार्ता में यह भी कहा गया कि वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1580 रुपये से बढ़कर 1691 रुपये हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है और उसकी नीतियां केवल चुनिंदा पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाली हैं।
उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती यूपीए सरकार ने मनरेगा के माध्यम से रोजगार की कानूनी गारंटी दी थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे कमजोर कर गरीबों के रोजगार पर असर डाला है। देश में आर्थिक असमानता लगातार बढ़ रही है और आम जनता की आय घटती जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि रेलवे टिकट से लेकर स्कूल-कॉलेज फीस तक में कई गुना वृद्धि हो चुकी है, जबकि बैंकिंग सेवाओं में भी तरह-तरह के शुल्क लगाकर आम खाताधारकों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
अंत में उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है और महंगाई अब “भाजपा निर्मित आपदा” का रूप ले चुकी है।
Author Profile
Latest entries
बिलासपुर19/07/2026कांवड़ यात्रा पर असर: ट्रेनें रद्द होने से बोलबम समिति का विरोध,, सोमवार को जीएम कार्यालय का होगा घेराव…
बिलासपुर19/07/2026रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड को मिला नया नेतृत्व,, प्रमोद अग्रवाल बने अध्यक्ष, रौनक साव को मिली सचिव की जिम्मेदारी…
बिलासपुर19/07/2026विधानसभा सत्र से लौटते ही जनता के बीच पहुंचे विधायक सुशांत शुक्ला,, बारिश प्रभावित क्षेत्रों का किया मैराथन दौरा… जलभराव प्रभावित इलाकों में घर-घर पहुंचकर जाना हाल,, अधिकारियों को तत्काल राहत,, जल निकासी और सफाई व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश…
राजनीति18/07/2026भाजपा का युवा नेतृत्व को तरहीज,, संगठन को जमीनी स्तर पर मिलेगी मजबूती,, रौशन सिंह बने भाजयुमो मुंगेली जिला सह-प्रभारी…
