बिलासपुर, मई, 09/2026
डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखाकर 1 करोड़ से ज्यादा की ठगी,, राजस्थान से दबोचे गए साइबर गिरोह के दो सदस्य…
बिलासपुर। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक महिला को घंटों वीडियो कॉल में बंधक बनाकर 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। रेंज साइबर थाना बिलासपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के चुरू जिले से गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिला को डराया कि उनका नाम आतंकवादी संगठन से जुड़े मामले में सामने आया है और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। इसके बाद महिला को वीडियो कॉल पर कई घंटों तक तथाकथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखा गया।
आरोपी लगातार पुलिस, ईडी, आरबीआई और सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई का भय दिखाते रहे। महिला को फर्जी सरकारी नोटिस, ईडी जांच दस्तावेज, सुप्रीम कोर्ट आदेश और आरबीआई नोटिस भेजकर मानसिक दबाव बनाया गया। यहां तक कि परिवार से संपर्क करने पर बेटे और अन्य परिजनों को भी फंसाने की धमकी दी गई।
डर और मानसिक प्रताड़ना के चलते महिला आरोपियों के झांसे में आ गई और अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगों ने इसके बाद केस खत्म करने के नाम पर 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग भी की।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने पूरी जानकारी अपने बेटे को दी। इसके बाद रेंज साइबर थाना बिलासपुर में अपराध क्रमांक 02/2026 के तहत धारा 318(4), 308(6), 3(5) बीएनएस एवं 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान साइबर पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की तकनीकी पड़ताल की। बैंकिंग ट्रेल से पता चला कि ठगी की रकम कई लेयर खातों में ट्रांसफर की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान के चुरू जिले से दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रूपेन्द्र सिंह (21) और विशाल सिंह (20) निवासी ग्राम पोती, थाना रतननगर, जिला चुरू (राजस्थान) शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि कमीशन के लालच में उन्होंने अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए और ठगी की रकम निकालकर अन्य लोगों तक पहुंचाई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन समेत अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और बैंक खातों की जांच जारी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक गोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं नोडल अधिकारी गगन कुमार के निर्देशन में रेंज साइबर थाना बिलासपुर की टीम ने की।
Author Profile
Latest entries
Uncategorized21/10/2026दो दिवसीय प्रवास पर 22 अक्टूबर को बिलासपुर पहुंचेंगे संघ प्रमुख मोहन भागवत
बिलासपुर21/10/2026बिलासपुर के अनमोल झा को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी, भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यसमिति में मिली जगह, वर्षों की संगठनात्मक मेहनत और समर्पण को मिला बड़ा सम्मान..
राजनीति20/10/2026बिलासपुर में साइंस कॉलेज मैदान में 24 लाख के रावण दहन पर बवाल ! निगम और बेलतरा विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी.. अरपांचल लोक मंच ने मैदान के बाहर रावण जलाकर जताया विरोध
अपराध19/10/2026बिलासपुर में बीजेपी पार्षद बंधु मौर्य की घेरकर पिटाई, CCTV में कैद हुई मारपीट की वारदात
