• Tue. Jun 23rd, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

जेल में मर्डर,, कैदी ने कैदी की कर दी हत्या,, खूनी वारदात से जेल में हड़कंप…

बिलासपुर, जून, 23/2026

जेल में मर्डर,, कैदी ने कैदी की कर दी हत्या,, खूनी वारदात से जेल में हड़कंप…

बिलासपुर। केंद्रीय जेल में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कैदी ने दूसरे विचाराधीन बंदी पर पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना में गंभीर रूप से घायल बंदी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रबंधन ने मामले की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दे दी है। पुलिस अब शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार कोटा क्षेत्र के दवनपुर निवासी नीलू जगत वर्ष 2024 से पाक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद था। उसे जेल की ई-वन बैरक में रखा गया था। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बैरक में कुछ बंदी लूडो खेल रहे थे, जबकि नीलू पास में लेटा हुआ था। इसी दौरान तीहरे हत्याकांड में सजा काट रहा कैदी राजेश राय वहां पहुंचा और अचानक अपने हाथ में रखे पत्थर से नीलू के सिर पर हमला कर दिया। राजेश ने नीलू के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। घटना को देखकर बैरक में मौजूद अन्य बंदियों ने बीच-बचाव किया और तत्काल इसकी सूचना जेल कर्मचारियों को दी। जेल प्रशासन ने बिना देरी किए घायल बंदी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल भेजा, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के अनुसार आरोपी राजेश राय की वर्ष 2011 से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या का इलाज चल रहा था। वहीं मृतक नीलू जगत भी मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और उसका उपचार जेल में ही किया जा रहा था। स्वास्थ्य कारणों से दोनों को एक ही बैरक में रखा गया था, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें दवाएं दी जाती थीं। बताया जा रहा है कि राजेश राय और उसके पिता हरि राय हत्या के मामले में सजा काट रहे हैं। राजेश ने सजा माफी के लिए आवेदन दिया था, जिसे राज्य सरकार ने तीन दिन पहले ही खारिज कर दिया था। इसके बाद से उसके मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आ रही है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर राजेश राय ने नीलू जगत को ही क्यों निशाना बनाया। जेल प्रशासन से पूछताछ के साथ ही बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से भी जानकारी ली जा रही है। जेल जैसी सुरक्षित जगह पर हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed