पहली बार समुद्र में कार्गो-जहाज लेकर निकली महिलाओं की टीम, केंद्रीय मंत्री ने बताया ऐतिहासिक पल…
मुंबई // विश्व महिला दिवस के मौके पर भारत के उस कार्गो-जहाज की बात करना तो बनता है, जिसका संचालन एक महिला टीम कर रही है। दरअसल देश में पहली बार कार्गो-जहाज ‘एमटी स्वर्ण कृष्णा’ को लेकर समुद्री यात्रा पर पूरी महिला टीम रविवार को निकली। मुंबई बंदरगाह से कप्तान सुनेहा गड़पांडे के नेतृत्व में 14 महिला अधिकारियों के साथ एमटी स्वर्ण कृष्णा को पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री मनसुख मांडविया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मांडविया ने सभी महिला अधिकारियों को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक पल बताया।
यह जहाज मुंबई से गुजरात के वदीनार के लिए निकला है। जहां कच्चे तेल से भरे कंटेनर को उतारने का जिम्मा भी महिलाएं ही संभाल रही हैं। सफर में तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए यह जहाज 10 मार्च को अपने गंतव्य पर पहुंचेगा। कार्गों जहाज में चालक दल में कप्तान सुनेहा गड़पांडे के साथ कप्तान अश्वथी पिल्लई, मुख्य अधिकारी उषा यादव, कर्पगवनी सेवाकुमार, अंशु प्रिया, स्नेहलता, अनुष्का अरुण सक्सेना, ध्रूवी पांडया शामिल हैं। इंजन संभालने में चीफ इंजीनियर दिव्या जैन, सीईओ सुप्रिया धोखे, नीतू सिंह, दिशानी गहलोत, खुशबू मनिक और श्रृष्टी सिंह वर्मा शामिल हैं।
इस खास यात्रा पर निकले जहाज की मुख्य कप्तान सुनेहा गड़पांडे ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जो बदलाव आप देखना चाहते हैं, उसके लिए नजरिया बदलना पड़ता है। इसलिए महिलाओं को हिम्मत करके कुछ नया करते रहना चाहिए तभी दुनिया में उनके लिए माकूल जगह बन पाएगी। महिलाओं पर भरोसा और मौका देने के लिए शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया का धन्यवाद देते हुए कप्तान ने कहा कि महिलाएं पूरे सामर्थ्य के साथ काम रही हैं और जग में सकारात्मक बदलाव भी हो रहा है। साथ ही इससे समुद्रीय क्षेत्र में काम रही हैं महिला अधिकारियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एससीआई) की पहली महिला मुख्य कार्यकारी निदेशक एचके. जोशी ने बताया कि कंपनी में हमेशा से महिलाओं को बराबरी का मौका दिया जाता है। इस पुरुष प्रधान क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी एवं उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए यह अच्छा मौका है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर यह पहल की जा रही है। इससे महिला नाविक भी अपनी प्रतिभा का लोहा सारे जग में मनवा पाएंगी और अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन सकेंगी।
उन्होंने बताया कि एससीआई में महिला नाविकों और अधिकारियों की संख्या विश्व के औसतन दो प्रतिशत से अधिक है। यह क्षेत्र महिलाओं के लिए चुनौतियों से भरा जरूर है पर महिलाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर सुमद्री क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
(इनपुट-हिन्दुस्थान समाचार)
Author Profile
Latest entries
Uncategorized16/08/2026बोदरी नगर पालिका में शान से लहराया तिरंगा, अध्यक्ष नीलम विजय वर्मा ने किया ध्वजारोहण,, देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह…
छत्तीसगढ़15/08/2026मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं… नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
बिलासपुर15/08/2026ध्वजारोहण के साथ पत्रकारों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस,, स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन,, समाज और राष्ट्रहित में पत्रकारिता का लिया संकल्प…
बिलासपुर14/08/2026बेलतरा विधानसभा की मातृशक्ति ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र…
