बिलासपुर/जांजगीर, मार्च 20/2026
जांजगीर में एसीबी का डबल अटैक: 43 हजार की रिश्वत लेते 4 अफसर-कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार
बिलासपुर/जांजगीर। एसीबी (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) बिलासपुर की टीम ने जांजगीर जिले में शुक्रवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में कुल 43 हजार रुपये की रिश्वत लेते चार अधिकारियों-कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस डबल कार्रवाई से भ्रष्ट तंत्र में हड़कंप मच गया है।
पहली कार्रवाई में नवागढ़ नगर पंचायत के लेखापाल प्रकाश जायसवाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया। डीएसपी एसीबी अजितेश सिंह ने बताया कि नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने शिकायत की थी कि उसकी फर्म द्वारा कराए गए अधोसंरचना व मरम्मत कार्य के करीब 2.03 लाख रुपये के बिल का चेक जारी करने के एवज में 16 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायतकर्ता 6 हजार रुपये पहले ही दे चुका था, जबकि शेष रकम देने से इंकार कर उसने एसीबी से संपर्क किया। सत्यापन के दौरान सौदा 10 हजार से घटाकर 8 हजार रुपये पर तय हुआ। ट्रैप के दौरान आरोपी ने जैसे ही रिश्वत की रकम लेकर अपनी कार में रखी, टीम ने ग्राम सेमरा के पास शाह क्रशर के समीप उसे दबोच लिया।
लेखपाल प्रकाश जायसवाल

दूसरी बड़ी कार्रवाई में सीएसपीडीसीएल जांजगीर के सहायक अभियंता विजय नोर्गे, उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला और सहायक ग्रेड-1 देवेंद्र राठौर को कुल 35 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता प्रदीप यादव ने बताया था कि वह खोखसा में फ्लाई ऐश ब्रिक्स प्लांट स्थापित करना चाहता है, जिसके लिए ट्रांसफार्मर और मीटर लगाने के एवज में अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। योजना के तहत प्रार्थी ने 10 हजार रुपये उप अभियंता को और 25 हजार रुपये सहायक अभियंता के कहने पर उसके सहायक को दिए, जिसके बाद एसीबी टीम ने मौके पर तीनों को पकड़ लिया।
सहायक अभियंता विजय नोर्गे

दोनों ही मामलों में रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 एवं 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
सहायक ग्रेड 1 देवेंद्र राठौर

एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तत्काल सूचना दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रखी जा सके।
Author Profile
Latest entries
अपराध20/03/2026जांजगीर में एसीबी का डबल अटैक: 43 हजार की रिश्वत लेते 4 अफसर-कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार
बिलासपुर20/03/2026लिंगियाडीह बचाओ आंदोलन : १२० दिन से जारी संघर्ष, अपने आशियाने को बचाने की लड़ाई…
प्रशासन20/03/2026बिलासपुर मुख्य मार्ग स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग, विश्व हिंदू परिषद , बजरंगदल और मातृशक्ति दुर्गावाहिनी ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन…
Uncategorized20/03/2026अग्रसेन चौक पर हिंदू नववर्ष शोभायात्रा का भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा व आतिशबाजी से गूंजा बिलासपुर
