बिलासपुर, जून, 25/2026
‘छात्रों की गूंज’ अभियान : NEET पेपर लीक बना सियासी मुद्दा,, युवाओं पर फोकस,,, कांग्रेस ने शुरू किया देशव्यापी छात्र अभियान,, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग…
बिलासपुर। आगामी चुनावी और राजनीतिक माहौल के बीच कांग्रेस ने युवाओं और छात्रों के मुद्दों को केंद्र में रखते हुए राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का आगाज किया है। भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए इस 40 दिवसीय अभियान के तहत देश के 28 प्रमुख शहरों में छात्रों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, कोचिंग संस्थानों और कॉलेज परिसरों तक पहुंच बनाकर केंद्र सरकार की शिक्षा और भर्ती नीतियों को मुद्दा बनाया जाएगा।
अभियान की शुरुआत के साथ कांग्रेस ने NEET-UG 2026 के कथित पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पार्टी का आरोप है कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, परिणामों में देरी और भर्ती प्रक्रियाओं में अव्यवस्था ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। कांग्रेस का कहना है कि छात्र केवल निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं।
बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में मध्यप्रदेश के कांग्रेस नेता, पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि NEET पेपर लीक प्रकरण ने राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में विफल रही है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह
कांग्रेस ने इस मुद्दे पर तीन प्रमुख मांगें सामने रखी हैं। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और एनटीए प्रमुख के इस्तीफे, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की है। साथ ही वार्षिक परीक्षा एवं भर्ती कैलेंडर लागू कर परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति की समय-सीमा पहले से तय करने की भी मांग की गई है।
पार्टी के अनुसार 30 जून से अभियान के दूसरे चरण में देशभर के 28 शहरों में पर्चा वितरण, छात्र संपर्क और नुक्कड़ बैठकों का आयोजन किया जाएगा। जुलाई माह में कैंपस संपर्क और संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से छात्रों के मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।
कांग्रेस ने छात्रों और युवाओं से अभियान में भागीदारी की अपील करते हुए मिस्ड कॉल नंबर 9873036161 तथा ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल के माध्यम से जुड़ने का आह्वान किया है। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस अभियान के जरिए युवाओं और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास कर रही है तथा शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को राष्ट्रीय बहस के केंद्र में लाने की रणनीति पर काम कर रही है।
Author Profile
Latest entries
बिलासपुर25/06/2026‘छात्रों की गूंज’ अभियान : NEET पेपर लीक बना सियासी मुद्दा,, युवाओं पर फोकस,,, कांग्रेस ने शुरू किया देशव्यापी छात्र अभियान,, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग…
Uncategorized24/06/2026भरारी पंचायत में आरक्षण नियमों का उल्लंघन,, रोजगार सहायक के SC आरक्षित पद पर OBC वर्ग से काम कराने का आरोप,, अंबेडकर सेना ने की जांच की मांग,, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन…
अपराध23/06/2026जेल में मर्डर,, कैदी ने कैदी की कर दी हत्या,, खूनी वारदात से जेल में हड़कंप…
बिलासपुर23/06/2026सिम्स के पीछे रोड पर मिला नवजात का भ्रूण,, रिवर व्यू में टहल रहे लोगों ने दी पुलिस को सूचना…
