• Tue. Nov 3rd, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

बिलासपुर में पटवारियों ने जलाया शासन के आदेश का पुतला, आंदोलन उग्र करने की चेतावनी.. प्रदेश अध्यक्ष के निलंबन से बढ़ा आक्रोश, एक महीने से काम बंद हड़ताल पर हैं पटवारी..

बिलासपुर, नवंबर, 03/2026

बिलासपुर में पटवारियों ने जलाया शासन के आदेश का पुतला, आंदोलन उग्र करने की चेतावनी..

प्रदेश अध्यक्ष के निलंबन से बढ़ा आक्रोश, एक महीने से काम बंद हड़ताल पर हैं पटवारी..

बिलासपुर। अपनी मांगों को लेकर पिछले करीब एक महीने से काम बंद हड़ताल कर रहे पटवारियों का आंदोलन अब उग्र होता नजर आ रहा है। शासन और पटवारी संघ के बीच बातचीत नहीं होने तथा प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप के निलंबन से नाराज पटवारियों ने बिलासपुर में शासन के आदेश की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।

प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जिले के पटवारी पिछले करीब एक महीने से काम बंद कर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान शासन और संघ के बीच मांगों के निराकरण को लेकर कोई सार्थक बातचीत नहीं हो सकी है। इसी बीच शासन ने पुराने मामले का हवाला देते हुए प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई ने आंदोलनरत पटवारियों के आक्रोश को और बढ़ा दिया है।

निलंबन के विरोध में बिलासपुर जिला पटवारी संघ के सदस्य अपने संघ कार्यालय में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने निलंबन आदेश की प्रतियां जलाकर शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया। पटवारियों का आरोप है कि उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय शासन दमनात्मक कार्रवाई कर आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रहा है।

निलंबन से पीछे नहीं हटेगा संघ

पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश अध्यक्ष का निलंबन उन्हें आंदोलन से पीछे हटने के लिए मजबूर नहीं कर सकता। संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर शासन गंभीरता से विचार नहीं करता और प्रदेश अध्यक्ष के निलंबन पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

पटवारी संघ ने शासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र रूप दिया जाएगा। अब देखना होगा कि पटवारियों के बढ़ते आक्रोश के बीच शासन बातचीत का रास्ता अपनाता है या आंदोलन आने वाले दिनों में और लंबा खिंचता है।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed