• Mon. Nov 2nd, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

छत्तीसगढ़ में पटवारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 50 से अधिक निलंबित… 5 हजार पटवारियों को शो-कॉज नोटिस, संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप पर भी गिरी गाज

बिलासपुर, नवंबर, 02/2026

छत्तीसगढ़ में पटवारियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 50 से अधिक निलंबित…

5 हजार पटवारियों को शो-कॉज नोटिस, संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप पर भी गिरी गाज..

रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। 13 अक्टूबर से जारी हड़ताल के बीच प्रदेशभर में 50 से अधिक पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, करीब 5 हजार पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तत्काल काम पर लौटने का निर्देश दिया गया है। कार्रवाई की जद में पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप समेत कई पदाधिकारी भी आ गए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष भी निलंबित

हड़ताल के चलते प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होने के बाद सरकार और जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप को निलंबित किए जाने से कर्मचारियों के बीच हलचल तेज हो गई है। इसके अलावा कोरबा जिला अध्यक्ष और दर तहसील के पटवारी मिथिलेश वर्मा समेत कई अन्य पटवारियों पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।

हजारों पटवारियों को काम पर लौटने का अल्टीमेटम

प्रशासन ने हड़ताल खत्म कराने के लिए नोटिस जारी करने का सिलसिला भी तेज कर दिया है। प्रदेशभर में लगभग 5 हजार पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। बिलासपुर जिले में 259 पटवारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। वहीं, सरगुजा संभाग के छह जिलों में 819 पटवारियों को तत्काल काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया गया है।

धान खरीदी और सर्वे कार्य प्रभावित

पटवारियों की हड़ताल से राजस्व विभाग के कामकाज पर व्यापक असर पड़ रहा है। फसल क्षति सर्वे, डिजिटल क्रॉप सर्वे और आगामी धान खरीदी की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। प्रशासन के सामने इन महत्वपूर्ण कार्यों को समय पर पूरा कराने की चुनौती खड़ी हो गई है।

तकनीकी खामियों और मांगों को लेकर हड़ताल

पटवारी 13 अक्टूबर से पीवी ऐप में तकनीकी खामियों और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। एक ओर पटवारी संघ अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन ने निलंबन और नोटिस की कार्रवाई से दबाव बढ़ा दिया है। ऐसे में अब देखना होगा कि प्रशासन की सख्ती के बाद पटवारी हड़ताल समाप्त करते हैं या आंदोलन और तेज होता है।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries
पहले खजुरी नवागांव, अब बिनौरी, आखिर कब रुकेगा अवैध उत्खनन ? दो ट्रक और जेसीबी छोड़कर मौके से भागे लोग, सरपंच पति और सचिव की मिलीभगत का आरोप, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग..
पटवारी निलंबित.. रिश्वत मांगने का वायरल वीडियो पर एक्शन का रिएक्शन..  कलेक्टर ने की कार्रवाई.. सात दिनों में आरोप पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश..
अवैध रेत परिवहन पर चला कानून का डंडा, आरोपी को 1 साल की सजा और ₹25 हजार जुर्माना.. खनिज विभाग की विशेष मुहिम में 66 मामलों में FIR, खैरा डंगनिया में ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध रेत परिवहन करते पकड़े गए थे आरोपी..

You missed