बिलासपुर, नवंबर, 01/2026
राजकिशोर नगर में आधी रात हंगामा, जन्मदिन के जश्न में मचा बवाल, अभय बरुआ और साथियों पर न्यायाधीश व परिजनों से मारपीट का आरोप, दोनों पक्षों ने कराई FIR..
बिलासपुर। न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकिशोर नगर में जन्मदिन के जश्न के दौरान देर रात जमकर हंगामा होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 100 से 200 लोगों की भीड़ ने तेज आवाज में नगाड़े बजाए और पटाखे फोड़कर इलाके में शोर-शराबा किया। विरोध करने पहुंचे महासमुंद में पदस्थ एक न्यायाधीश और उनके परिजनों के साथ मारपीट और धमकी देने का आरोप लगा है। घटना में न्यायाधीश की पत्नी और साले को चोटें आई हैं। मामले में नया मोड़ तब आया, जब दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी पुलिस ने न्यायाधीश सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
45 मिनट तक बजते रहे नगाड़े, फूटते रहे पटाखे
जानकारी के अनुसार, महासमुंद के कुटुम्ब न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी 31 अक्टूबर को पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने परिवार के साथ ससुराल राजकिशोर नगर पहुंचे थे। रात करीब 11 बजे परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे, तभी बाहर तेज आवाज में नगाड़े बजने और पटाखे फूटने लगे। बताया गया कि करीब 45 मिनट तक लगातार शोर होता रहा। इससे घर में मौजूद बच्चे और बुजुर्ग भी परेशान हो गए।
स्थिति देखने के लिए न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी घर से बाहर पहुंचे तो गली में करीब 100 से 200 लोगों की भीड़ मौजूद थी। आरोप है कि अभय बरूआ के घर के अंदर और बाहर जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था।
विरोध करने पर न्यायाधीश और परिजनों से मारपीट का आरोप
प्रफुल्ल कुमार सोनवानी के मुताबिक, उन्होंने देर रात नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने पर आपत्ति जताई तो अभय बरूआ और उसके साथियों ने उनके साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और उनके साथ छीना-झपटी की गई।
आवाज सुनकर उनकी पत्नी आकांक्षा प्रफुल्ल, साला अभिषेक भारद्वाज, सास नीरा भारद्वाज और साले की पत्नी गुरप्रीत कौर भारद्वाज भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि भीड़ ने उन्हें घेरकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान न्यायाधीश की शर्ट का बटन टूट गया, जबकि उनकी पत्नी और साले का चश्मा भी निकाल लिया गया।
पत्नी और साले को आई चोटें
शिकायत के मुताबिक, मारपीट में आकांक्षा प्रफुल्ल के दाहिने हाथ की भुजा के पास चोट आई, जबकि अभिषेक भारद्वाज के सिर, सीने और गले में चोट लगने की बात कही गई है।
न्यायाधीश की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अभय बरूआ और उसके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई FIR
इस पूरे मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। अभय बरूआ की शिकायत पर पुलिस ने न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी, आकांक्षा सोनवानी और अभिषेक भारद्वाज के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। यानी जन्मदिन के जश्न से शुरू हुआ विवाद अब दोनों पक्षों की पुलिस शिकायत तक पहुंच गया है। फिलहाल सरकंडा पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।
Author Profile
Latest entries
अपराध01/11/2026राजकिशोर नगर में आधी रात हंगामा, जन्मदिन के जश्न में मचा बवाल, अभय बरुआ और साथियों पर न्यायाधीश व परिजनों से मारपीट का आरोप, दोनों पक्षों ने कराई FIR..
छत्तीसगढ़01/11/2026अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच शासन का पटवारियों को शो-काज नोटिस, 48 घंटे में ड्यूटी पर लौटने के सख्त निर्देश..
राजनीति31/10/2026बिलासपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल.. केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक के नेतृत्व में गांधी चौक से नेहरू चौक तक निकली रैली, कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ की नारेबाजी
बिलासपुर30/10/2026बड़ी खबर : संजू त्रिपाठी हत्याकांड में बड़ा फैसला, कपिल त्रिपाठी समेत सभी 22 आरोपी बरी
