बिलासपुर, मई, 09/2026
डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखाकर 1 करोड़ से ज्यादा की ठगी,, राजस्थान से दबोचे गए साइबर गिरोह के दो सदस्य…
बिलासपुर। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक महिला को घंटों वीडियो कॉल में बंधक बनाकर 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। रेंज साइबर थाना बिलासपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के चुरू जिले से गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिला को डराया कि उनका नाम आतंकवादी संगठन से जुड़े मामले में सामने आया है और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। इसके बाद महिला को वीडियो कॉल पर कई घंटों तक तथाकथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखा गया।
आरोपी लगातार पुलिस, ईडी, आरबीआई और सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई का भय दिखाते रहे। महिला को फर्जी सरकारी नोटिस, ईडी जांच दस्तावेज, सुप्रीम कोर्ट आदेश और आरबीआई नोटिस भेजकर मानसिक दबाव बनाया गया। यहां तक कि परिवार से संपर्क करने पर बेटे और अन्य परिजनों को भी फंसाने की धमकी दी गई।
डर और मानसिक प्रताड़ना के चलते महिला आरोपियों के झांसे में आ गई और अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगों ने इसके बाद केस खत्म करने के नाम पर 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग भी की।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने पूरी जानकारी अपने बेटे को दी। इसके बाद रेंज साइबर थाना बिलासपुर में अपराध क्रमांक 02/2026 के तहत धारा 318(4), 308(6), 3(5) बीएनएस एवं 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान साइबर पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की तकनीकी पड़ताल की। बैंकिंग ट्रेल से पता चला कि ठगी की रकम कई लेयर खातों में ट्रांसफर की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान के चुरू जिले से दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रूपेन्द्र सिंह (21) और विशाल सिंह (20) निवासी ग्राम पोती, थाना रतननगर, जिला चुरू (राजस्थान) शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि कमीशन के लालच में उन्होंने अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए और ठगी की रकम निकालकर अन्य लोगों तक पहुंचाई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन समेत अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और बैंक खातों की जांच जारी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक गोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं नोडल अधिकारी गगन कुमार के निर्देशन में रेंज साइबर थाना बिलासपुर की टीम ने की।
Author Profile
Latest entries
बिलासपुर19/07/2026कांवड़ यात्रा पर असर: ट्रेनें रद्द होने से बोलबम समिति का विरोध,, सोमवार को जीएम कार्यालय का होगा घेराव…
बिलासपुर19/07/2026रोटरी ई-क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड को मिला नया नेतृत्व,, प्रमोद अग्रवाल बने अध्यक्ष, रौनक साव को मिली सचिव की जिम्मेदारी…
बिलासपुर19/07/2026विधानसभा सत्र से लौटते ही जनता के बीच पहुंचे विधायक सुशांत शुक्ला,, बारिश प्रभावित क्षेत्रों का किया मैराथन दौरा… जलभराव प्रभावित इलाकों में घर-घर पहुंचकर जाना हाल,, अधिकारियों को तत्काल राहत,, जल निकासी और सफाई व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश…
राजनीति18/07/2026भाजपा का युवा नेतृत्व को तरहीज,, संगठन को जमीनी स्तर पर मिलेगी मजबूती,, रौशन सिंह बने भाजयुमो मुंगेली जिला सह-प्रभारी…
