• Fri. Nov 20th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

बिलासपुर में गर्भवती महिला का बिना सहमति गर्भपात कराने का आरोप, पति और डॉक्टर के खिलाफ FIR, एसएसपी ने कहा जांच के बाद होगी गिरफ्तारी..

बिलासपुर, नवंबर, 20/2026

बिलासपुर में गर्भवती महिला का बिना सहमति गर्भपात कराने का आरोप, पति और डॉक्टर के खिलाफ FIR, एसएसपी ने कहा जांच के बाद होगी गिरफ्तारी..

बिलासपुर। शहर में तीन महीने की गर्भवती महिला का कथित तौर पर बिना सहमति गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति सुयश अग्रवाल और जेपी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की डॉ. उज्ज्वला कराड़े के खिलाफ सिरगिट्टी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अस्पताल प्रबंधन की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।

पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने डॉक्टर के साथ मिलकर जबरन गर्भपात कराया। आरोप के मुताबिक, महिला को स्वास्थ्य जांच कराने के बहाने अस्पताल ले जाया गया था। वहां उसे बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया और कथित तौर पर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवाए गए। इसके बाद उसकी इच्छा और सहमति के बिना गर्भपात करा दिया गया।

इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की  डॉ. उज्ज्वला कराड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

एसएसपी बोले- दस्तावेजों की जांच जारी

मामले को लेकर बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि गर्भपात की प्रक्रिया में महिला की सहमति नहीं थी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कुछ दस्तावेज उपलब्ध कराए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor