बिलासपुर, मई, 07/2026
10 मिनट के तूफान ने खोली सिस्टम की पोल: डबल इंजन सरकार में भी बिलासपुर अंधेरे में: शैलेश पांडे
बिलासपुर। पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने बिलासपुर में आए आंधी-तूफान के बाद बिजली व्यवस्था चरमराने को लेकर शासन-प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 10 मिनट की आंधी ने पूरे सिस्टम की तैयारियों और मेंटेनेंस के दावों की पोल खोल दी है।
पूर्व विधायक ने कहा कि दो दिन पहले आए तेज आंधी-तूफान के कारण पूरा शहर और आसपास का क्षेत्र ब्लैकआउट की स्थिति में पहुंच गया। कई इलाकों में 48 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी है। भीषण गर्मी में लोग बिजली और पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन प्रशासन की संवेदनशीलता कहीं दिखाई नहीं दे रही।
शैलेश पांडे ने तंज कसते हुए कहा, गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक बीजेपी की सरकार है, फिर बिलासपुरवासियों ने ऐसी कौन सी गलती कर दी कि उन्हें पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। यहां भी डबल इंजन सरकार है, बावजूद इसके शहर अंधेरे में डूबा रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मौसम विभाग द्वारा पहले ही अलर्ट जारी किया गया था, तब शासन और प्रशासन ने क्या तैयारी की थी। यदि प्राकृतिक आपदा की आशंका थी तो उससे निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
पूर्व विधायक ने बिजली विभाग के सालभर चलने वाले मेंटेनेंस कार्यों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि हर साल मेंटेनेंस के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाते हैं, फिर भी 10 मिनट की आंधी में पूरा शहर ठप हो जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। पांडे ने कहा कि शहर की सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने के लिए प्रशासनिक अमला नजर नहीं आया। कई जगहों पर आम जनता खुद पेड़ हटाते दिखी, जबकि लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि शहर से लेकर गांव तक हालात संभालने की जिम्मेदारी केवल बिजली विभाग पर छोड़ दी गई, जबकि विभाग के पास पर्याप्त कर्मचारी तक नहीं हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि लगातार बिगड़ती व्यवस्थाओं के कारण अब जनता का भरोसा सरकार से उठता जा रहा है।
Author Profile
Latest entries
बिलासपुर07/05/202610 मिनट के तूफान ने खोली सिस्टम की पोल: डबल इंजन सरकार में भी बिलासपुर अंधेरे में : शैलेश पांडे
बिलासपुर06/05/2026स्वामी श्रीरामभद्राचार्य के आगमन से भक्तिमय हुआ रामा वर्ल्ड, चरण-पादुका पूजन में उमड़ी आस्था… समाजसेवी प्रवीण झा के निवास में भक्तिमय भजन और प्रसाद वितरण…
बिलासपुर06/05/2026बोदरी को मिली नई सौगात : केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण
बिलासपुर05/05/2026बिलासपुर में ‘नकली एवरेस्ट मसाला’ का भंडाफोड़! लाखों का माल जब्त, बड़े नेटवर्क की आशंका… जांच जारी
