• Tue. Jul 1st, 2025

News look.in

नज़र हर खबर पर

जिले में परम्परागत उत्साह और उमंग से मनाया गया 71वां गणतंत्र दिवस..

बिलासपुर // बिलासपुर जिले में परम्परागत उत्साह एवं उमंग के साथ 71वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। जगह-जगह शान से तिरंगा फहराये गये। मुख्य समारोह जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउण्ड में आयोजित किया गया। जिसमें संसदीय कार्य, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, पशुधन विकास, मछली पालन, जल संसाधन एवं आयाकट मंत्री रविन्द्र चौबे ने ध्वजारोहण किया एवं संयुक्त परेड की सलामी ली।

पुलिस ग्राउंड बिलासपुर में आयोजित गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में रविन्द्र चौबे ने संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। उनके साथ खुली जीप में कलेक्टर डाॅ. संजय अलंग एवं पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल भी थे। निरीक्षण पश्चात श्री चौबे ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। तत्पश्चात शांति के प्रतीक सफेद कबूतर और तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। इसके पश्चात जवानों द्वारा हर्ष फायरिंग की गई। पहले हर्ष फायर पर राष्ट्रगान की धुन पर पहला भाग बैण्ड द्वारा बजाया गया और द्वितीय हर्ष फायर पर राष्ट्रगान की धुन पर दूसरा भाग तथा तृतीय हर्ष फायर पर पूरे राष्ट्रगान की धुन बजाई गई। इस अवसर पर सभी अधिकारी एवं दर्शक अपने स्थान पर खड़े हुये तथा वर्दीधारियों ने सैल्यूट किया। राष्ट्रपति की जय के नारे लगाए गए।

पहली बार महिलाओं के हाथों परेड की कमाण्ड ..
इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार महिलाओं के हाथों परेड की कमाण्ड थी। परेड कमांडर प्रशिक्षु डीएसपी सुश्री श्रृष्टि चंद्राकर और सेेकण्ड इन कमाण्ड प्रशिक्षु डीएसपी सुश्री ललिता मेहर के नेतृत्व में पुलिस विभाग व केन्द्रीय जिला जेल के बैंड की धुन पर 14 टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। जिसमंे सशस्त्र पुलिस बटालियन बल सकरी, जिला पुलिस बल पुरूष, जिला पुलिस बल महिला, नगर सेना बल पुरूष एवं महिला, एनसीसी सीनियर बालक, एनसीसी सीनियर बालिका, एनसीसी जूनियर बालक एवं बालिका, अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, गाइड, स्काउट के साथ पहली बार छात्रों का विशेष पुलिस कैडेट दस्ता और जवाहर नवोदय विद्यालय मल्हार के दस्ते ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। मार्चपास्ट पश्चात् मुख्य अतिथि ने दल कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया।
मास पीटी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम-
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा मास पीटी का प्रदर्शन किया गया। इसमें 16 स्कूलों के एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की थीम पर छत्तीसगढ़ के लोक जनजीवन, संस्कृति पर आधारित छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्यों ने अतिथियों के साथ-साथ दर्शकों का भी खूब मनोरंजन किया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकण्डा, देवकीनंदन दीक्षित कन्या उ.मा. विद्यालय, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल और सेंट जोसेफ इंगलिश हायर सेकेण्डरी स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा नरवा, गरूवा, घुरूवा, बारी, सुआ, पंथी, राऊत नाचा, छेरछेरा, गेंड़ी आदि नृत्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के लोक संस्कृति को नृत्यों के माध्यम से प्रस्तुत किया किया।

गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की थीम पर प्रदर्शित की गई झांकियां ..
समारोह में 20 विभागों द्वारा गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की थीम और छत्तीसगढ़ के विकास को प्रदर्शित करती जीवंत झांकियां प्रदर्शित की गई। केन्द्रीय जेल बिलासपुर ने भव्य झांकी का प्रदर्शन कर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। बंदियों द्वारा शानदार मल्लखंभ का जीवंत प्रदर्शन और गेंड़ी नृत्य का प्रदर्शन छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन ठेठरी, खुरमी, चीला, बरा, बोबरा के साथ प्लास्टिक मुक्त छत्तीसगढ़ के लिये लोगों को जागरूक करती हुयी झांकी, जल संसाधन विभाग की बिलासपुर शहर में अरपा नदी के प्रस्तावित बैराज की झांकी, स्वास्थ्य विभाग का तंबाकू निषेध जागरूकता अभियान, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना को प्रदर्शित करती झांकी, आदिवासी विकास विभाग का राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के साथ-साथ आदिवासियों की संस्कृति को प्रदर्शित करती झांकी, समाज कल्याण विभाग की नशा के खिलाफ लोगों को जागरूक करती हुयी झांकी, पशुधन विकास विभाग की गौठानों से प्राप्त गोबर से गमला, वर्मी कम्पोस्ट बनाती हुई महिलाओं की झांकी, महिला बाल विकास विभाग की मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, शिक्षा विभाग का बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिये प्रशिक्षण, व्यावसायिक शिक्षा हेल्थकेयर, स्मार्ट क्लास व अन्य योजनाओं को प्रदर्शित करती झांकी सहित वन विभाग, कृषि, उद्यानिकी, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, के्रडा, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, 108 योजना का एंबुलेंस, सीपत सुपर थर्मल पावर स्टेशन और जिला पंचायत की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *