बिलासपुर, नवंबर, 21/2026
छत्तीसगढ़ स्कूल का 13 दिसंबर को मनेगा अमृत महोत्सव, 1200 से अधिक पूर्व छात्र होंगे शामिल..
75वीं वर्षगांठ पर भूतपूर्व शिक्षकों का होगा सम्मान, पुराने सहपाठियों से मिलकर ताजा करेंगे स्कूल के दिनों की यादें..
बिलासपुर। शहर के प्रतिष्ठित छत्तीसगढ़ उच्चतर माध्यमिक शाला का अमृत महोत्सव 13 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। शाला की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस समारोह में वर्ष 1951 से 2026 तक यहां अध्ययन कर चुके 1200 से अधिक पूर्व छात्र शामिल होंगे। इस दौरान भूतपूर्व शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा और पूर्व छात्र सम्मेलन के जरिए पुराने साथी वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर स्कूल जीवन की यादें साझा करेंगे।
अमृत महोत्सव की जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ शिक्षा समिति बिलासपुर के अध्यक्ष एवं शाला के पूर्व छात्र डॉ. श्रीश कुमार मिश्रा, पूर्व कुलसचिव एयू विश्वविद्यालय सुधीर शर्मा, जितेंद्र श्रीवास्तव तथा वर्तमान प्राचार्य प्रशांत दिवाकर चिपड़े ने बताया कि इस शाला से शिक्षा प्राप्त कर हजारों विद्यार्थी आज सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं।
इस शाला के पूर्व विद्यार्थियों में पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष बनवारी लाल अग्रवाल, पूर्व सांसद गोविंद राम मिरी, पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, विधायक सुशांत शुक्ला और पूर्व कुलसचिव राजकुमार सचदेव सहित कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हैं। वहीं पद्मश्री स्वर्गीय पंडित श्यामलाल चतुर्वेदी ने भी लंबे समय तक इस शाला की शैक्षणिक गतिविधियों में अपनी सेवाएं दीं।
दीप प्रज्ज्वलन से होगा कार्यक्रम का शुभारंभ
13 दिसंबर को सुबह दीप प्रज्ज्वलन के साथ अमृत महोत्सव का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम के पहले चरण में भूतपूर्व शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद दोपहर में छत्तीसगढ़ शिक्षा समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह के समापन अवसर पर दिवंगत पूर्व शिक्षकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। आयोजन में शामिल होने के लिए 1200 से अधिक पूर्व छात्र जुड़ चुके हैं।
75 साल के इतिहास पर स्मारिका का होगा विमोचन
अमृत महोत्सव के अवसर पर विशेष स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। इसमें शाला के 75 वर्षों का इतिहास, उपलब्धियां, पूर्व प्राचार्यों और पूर्व छात्रों की जानकारी सहित विद्यालय की गौरवशाली यात्रा को संकलित किया गया है।
छह प्राचार्यों ने संभाली शाला की जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ स्कूल के 75 वर्षों के सफर में कई प्राचार्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। मधुकर आनंद बाटवे ने 37 वर्षों तक प्राचार्य के रूप में सेवाएं दीं। उनके बाद मधुकर विश्वनाथ चिपड़े ने 8 वर्ष, गोवर्धन लाल गुलहरे ने 16 वर्ष, विनोद कुमार दुबे ने 1 वर्ष और सुशील कुमार तिवारी ने 9 वर्ष तक शाला की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2022 से प्रशांत दिवाकर चिपड़े वर्तमान प्राचार्य के रूप में कार्यरत हैं।
7 अप्रैल 1951 को हुआ था नामकरण
छत्तीसगढ़ स्कूल की शुरुआत वर्ष 1951 में कक्षा पांचवीं से हुई थी। 7 अप्रैल 1951 को विद्यालय के नामकरण का दिन निर्धारित किया गया। तत्कालीन रायगढ़ स्टेट के पूर्व दीवान डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र और एसबीआर महाविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य जमुना प्रसाद वर्मा की अध्यक्षता में ‘छत्तीसगढ़’ नाम का चयन किया गया और विद्यालय की शुरुआत हुई।
समय के साथ विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ती गई। वर्ष 1965-66 में पंडित श्यामलाल चतुर्वेदी के प्रयासों से समिति ने कोटमी सोनार में भी स्कूल प्रारंभ किया। इससे पहले बिरकोना में रामभिक्षुक महाराज की इच्छा पर बापू साहब दिघ्रस्कर ने विद्यालय शुरू करने का प्रस्ताव रखा था और इसके लिए भवन भी बनवाया था।
छत्तीसगढ़ नाम ने ग्रामीण अंचलों में बनाई पहचान
विद्यालय के नाम में ‘छत्तीसगढ़’ शब्द जुड़ने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसके प्रति अपनत्व का भाव विकसित हुआ। ग्रामीण अंचलों में ‘हमार छत्तीसगढ़ स्कूल’ का प्रचार होने लगा और बड़ी संख्या में विद्यार्थी यहां प्रवेश लेने पहुंचने लगे। विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा का अवसर मिला। आज भी विद्यालय में इन वर्गों के विद्यार्थियों की अच्छी संख्या है।
75 वर्षों की इस गौरवशाली यात्रा के बाद 13 दिसंबर का दिन विद्यालय परिवार के लिए खास होने जा रहा है। अमृत महोत्सव के बहाने पुराने शिक्षक और विद्यार्थी एक मंच पर जुटेंगे और छत्तीसगढ़ स्कूल से जुड़ी यादों को फिर से जीवंत करेंगे।
Author Profile
Latest entries
बिलासपुर21/11/2026छत्तीसगढ़ स्कूल का 13 दिसंबर को मनेगा अमृत महोत्सव, 1200 से अधिक पूर्व छात्र होंगे शामिल.. 75वीं वर्षगांठ पर भूतपूर्व शिक्षकों का होगा सम्मान, पुराने सहपाठियों से मिलकर ताजा करेंगे स्कूल के दिनों की यादें..
बिलासपुर20/11/2026स्नेह, समरसता और संगठनात्मक एकजुटता का भव्य संगम बना विधायक सुशांत शुक्ला का दीपावली स्नेह मिलन समारोह
Uncategorized20/11/2026सट्टे की काली कमाई से 25 करोड़ की संपत्ति.. दुबई तक फैला जाल.. बिलासपुर पुलिस ने खोली ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क की परतें..
Uncategorized20/11/2026बिलासपुर में गर्भवती महिला का बिना सहमति गर्भपात कराने का आरोप, पति और डॉक्टर के खिलाफ FIR, एसएसपी ने कहा जांच के बाद होगी गिरफ्तारी..
