• Sun. Feb 1st, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

केंद्रीय बजट सर्वसमावेशी और विकासोन्मुख: अरुण साव छत्तीसगढ़ को जनजातीय स्वास्थ्य, आवास, रेल-सड़क और खनन में बड़ी सौगात — अमर अग्रवाल

बिलासपुर, फरवरी, 01/2026

केंद्रीय बजट सर्वसमावेशी और विकासोन्मुख: अरुण साव
छत्तीसगढ़ को जनजातीय स्वास्थ्य, आवास, रेल-सड़क और खनन में बड़ी सौगात — अमर अग्रवाल

बिलासपुर। केंद्रीय बजट 2026 को लेकर रविवार को भाजपा कार्यालय बिलासपुर में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय बजट के प्रदेश संयोजक व बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने मीडिया को बजट की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया। दोनों नेताओं ने बजट को कल्याणकारी, विकासोन्मुख और सर्वसमावेशी बताते हुए कहा कि यह हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर राज्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में छत्तीसगढ़ का विशेष ध्यान रखा है, जिसके लिए राज्य की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि बजट में छत्तीसगढ़ सहित आठ राज्यों में जनजातीय स्वास्थ्य वेधशालाओं की स्थापना का निर्णय लिया गया है, जिससे आदिवासी समुदायों के स्वास्थ्य संकेतकों की निगरानी और सुधार संभव होगा। उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में पीवीटीजी बस्तियों को जोड़ने के लिए सड़क निर्माण हेतु अतिरिक्त बजटीय प्रावधान किया गया है। साथ ही जनजातीय स्कूलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं के विकास के लिए वार्षिक खेल हब स्थापित किए जाएंगे।

अरुण साव ने बताया कि राज्य में खनिज परिवहन और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए रेलवे को प्राथमिकता दी गई है। “धान के कटोरे” के रूप में प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए केंद्र और राज्य की साझा योजनाओं को मजबूत किया गया है। ग्रामीण इलाकों में 8 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण के लिए केंद्रीय सहायता बढ़ाई गई है। किसानों को डिजिटल रजिस्ट्री से जोड़ने के लिए डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन को तेजी से लागू किया जाएगा। इसके अलावा दुर्लभ खनिजों पर सीमा शुल्क में कटौती से राज्य के खनन उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी।

प्रदेश संयोजक एवं विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बजट में लघु उद्योगों के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान कर औद्योगिक क्लस्टरों को पुनर्जीवित किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। रेल, सड़क, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर दिया गया है। दवाइयों की कीमतों में कमी, खादी एवं ग्रामोद्योग को प्रोत्साहन और निर्यात बढ़ाने के उपाय देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, पर्यटन क्षेत्र में 20 हजार से अधिक रोजगार, ई-बस सेवा विस्तार जैसे प्रावधान यह दर्शाते हैं कि यह बजट केवल आर्थिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी देश को सशक्त बनाने वाला है। अमर अग्रवाल ने इसे “विकसित भारत की ओर बढ़ता विकास बजट” बताते हुए कहा कि यह भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। विदेशी निवेश आकर्षित करने और छत्तीसगढ़ को माइनिंग सेक्टर का मजबूत केंद्र बनाने का लक्ष्य भी इस बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, महापौर पूजा विधानी, जिला कोषाध्यक्ष गुलशन, सभापति विनोद सोनी, मीडिया प्रभारी केके शर्मा, सह-मीडिया प्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed