बिलासपुर, फरवरी, 26/2026
बिल्हा SBI में 2 करोड़ का खेल : कैशियर गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई..
बिलासपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की बिल्हा शाखा में करोड़ों रुपये के गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन कैशियर श्रीमती तेजवथ थीरापतम्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कैशियर पर करीब 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार 600 रुपये (₹2,06,37,600) के गबन का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच का है, जब कैशियर ने बैंक के कुछ कर्मचारियों और अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने पद का दुरुपयोग किया। आरोप है कि बैंक रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ कर बड़ी रकम का गबन किया गया, जिससे बैंक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
इस संबंध में स्टेट बैंक बिल्हा शाखा के प्रबंधक पीयूष बारा ने आर्थिक अपराध अन्वेषण/एसीबी मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर एसीबी ने 19 जनवरी 2026 को आरोपी और अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान बैंक की विभागीय रिपोर्ट और एसीबी द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों में गबन की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।

गोपनीय सूचना पर गिरफ्तारी…
26 फरवरी 2026 को एसीबी को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कैशियर बिल्हा स्थित बैंक में मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल जब्त, कई खुलासों की उम्मीद…
एसीबी ने आरोपी के पास से एक संदिग्ध मोबाइल भी जब्त किया है। अधिकारियों का मानना है कि इस मोबाइल से आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
खर्च के नाम पर छुपाया गबन
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गबन की गई राशि को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया गया और बाद में उसे बैंक के खर्च जैसे भोजन, पेय पदार्थ, किराया और रखरखाव के मद में दिखाकर छुपाने की कोशिश की गई।
पहले से निलंबित थी आरोपी…
बताया गया है कि आरोपी कैशियर जून 2025 से निलंबित थी और उसे रिजनल बिजनेस ऑफिस (RBO) जगदलपुर से अटैच किया गया था, लेकिन वह लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रही थी। आरोपी मूलतः आंध्र प्रदेश के खम्मम जिले की निवासी है। एसीबी ने आरोपी को विशेष न्यायालय बिलासपुर में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
Author Profile
Latest entries
Uncategorized26/02/2026बिल्हा SBI में 2 करोड़ का खेल : कैशियर गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई..
बिलासपुर26/02/2026गोलीकांड अपडेट : फरार आरोपियों की सूचना देने पर मिलेगा इनाम…
बिलासपुर26/02/2026लुट कांड का 24 घंटे में खुलासा करने वाली पुलिस टीम का सराफा एसोसिएशन ने किया सम्मान… सराफा व्यापारियों को एसएसपी ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश…
बिलासपुर25/02/2026बजट बनाम हकीकत — सियासत के आईने में 2026-27 का प्रदेशीय लेखा-जोखा…
