• Fri. May 29th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

फेमस होने की चाह,, रील का पागलपन,, हाईवे पर बर्थडे स्टंट,, आतिशबाजी और जानलेवा करतब,, युवा कर रहे कानून से खिलवाड़… 

बिलासपुर, मई, 29/2026

फेमस होने की चाह,, रील का पागलपन,, हाईवे पर बर्थडे स्टंट,, आतिशबाजी और जानलेवा करतब,, युवा कर रहे कानून से खिलवाड़… 

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने की अंधी दौड़ अब युवाओं को कानून और जिंदगी दोनों से खिलवाड़ करने पर मजबूर कर रही है। शहर की सड़कें और हाईवे अब रीलबाजों के लिए स्टूडियो बनते जा रहे हैं, जहां बीच सड़क पर स्टंट, कारों की छत पर चढ़कर वीडियो बनाना, चलती गाड़ियों में आतिशबाजी करना और जन्मदिन मनाना नया स्टेटस सिंबल बन गया है।

हालत यह है कि कोर्ट की सख्त टिप्पणियों और पुलिस कार्रवाई के बावजूद इस तरह की खतरनाक हरकतों पर रोक नहीं लग पा रही। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एफआईआर दर्ज कर वाहन जब्त जरूर कर रही है, लेकिन यह कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर युवाओं में कानून और जान की कीमत से ज्यादा सोशल मीडिया की चमक क्यों हावी हो गई है।

दो दिन पहले ही एर्टिगा कार की छत पर चढ़कर रील बनाती एक युवती का वीडियो वायरल हुआ था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसके तुरंत बाद अब दो और वीडियो सामने आ गए। एक वीडियो में काले रंग की स्कॉर्पियो के ऊपर युवती बीच सड़क पर केक काटते हुए आतिशबाजी करती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे वीडियो में सफेद कार से बाहर लटककर दो युवक जानलेवा स्टंट करते नजर आ रहे हैं।

स्कॉर्पियो जब्त, चालक पर कार्रवाई

थाना कोनी क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर वायरल हुए वीडियो के बाद कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 को जब्त कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 मई 2026 की रात वाहन चालक अरविंद सैनी (31 वर्ष), निवासी कुदुदंड बिलासपुर, अपनी महिला मित्र के साथ चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक काटते और आतिशबाजी करते हुए वीडियो बना रहा था। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने वाहन को पकड़कर थाना कोनी लाया। पूछताछ में चालक ने यातायात नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार की। पुलिस द्वारा वाहन चालक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रील के लिए मौत से खिलवाड़

विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया पर फेमस होने की होड़ युवाओं को लापरवाह बना रही है। कुछ सेकंड की वायरल वीडियो के लिए वे अपनी ही नहीं, बल्कि सड़क पर चल रहे आम लोगों की जान भी खतरे में डाल रहे हैं।

जरूरत सिर्फ पुलिस कार्रवाई की नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की भी है। परिजनों को अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखनी होगी और युवाओं को समझना होगा कि “रील” की दुनिया का झूठा रोमांच कभी भी हकीकत में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor

You missed