• Sun. Jun 21st, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

मरवाही में फिल्मी अंदाज में अपहरण: पुलिस बनकर पहुंचे बदमाश,, दिनदहाड़े व्यवसायी का किडनैप,, CCTV फुटेज आया सामने…

बिलासपुर, जून, 21/2026

मरवाही में फिल्मी अंदाज में अपहरण: पुलिस बनकर पहुंचे बदमाश,, दिनदहाड़े व्यवसायी का किडनैप,, CCTV फुटेज आया सामने…

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ में शनिवार को दिनदहाड़े एक व्यवसायी के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले दो अज्ञात बदमाश पिस्तौल की नोक पर व्यवसायी को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और व्यवसायी की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम उषाढ निवासी गिरीश यादव किराना, छड़-सीमेंट तथा आटा चक्की का व्यवसाय करते हैं। उनकी पत्नी दुर्गा यादव ने मरवाही थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे गिरीश यादव घर के गलियारे में आराम कर रहे थे, जबकि उनका बेटा पंकज यादव दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान नीले रंग की एक कार में सवार दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे।

दोनों युवकों ने पहले दुकान पर बैठे पंकज यादव से गिरीश यादव के बारे में जानकारी ली और फिर सीधे घर पहुंच गए। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए गिरीश यादव से पूछताछ शुरू की। कुछ देर बाद दोनों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें धमकाया और जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।

घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनमें संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान और व्यवसायी की सकुशल बरामदगी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में भय का माहौल है। पुलिस की टीम संदिग्धों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor