• Mon. Sep 21st, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

हैवंस पार्क में देर रात युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा नशे की हालत में महिला स्टाफ से विवाद, चिल्लाने और मारपीट की कोशिश का वीडियो वायरल; बार संचालन और निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

बिलासपुर, सितंबर, 21/2026

हैवंस पार्क में देर रात युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा

नशे की हालत में महिला स्टाफ से विवाद, चिल्लाने और मारपीट की कोशिश का वीडियो वायरल; बार संचालन और निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

बिलासपुर। शहर के हैवंस पार्क होटल के बाहर देर रात एक युवती के हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 2 बजे की है। युवती कथित तौर पर नशे की हालत में थी और होटल के बिल को लेकर महिला स्टाफ से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवती ने कथित तौर पर जोर-जोर से चिल्लाते हुए महिला स्टाफ के साथ मारपीट करने की कोशिश की।

मामला बढ़ता देख होटल में तैनात बाउंसरों ने बीच-बचाव किया और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। कुछ देर बाद युवती एक कार में बैठकर मौके से चली गई। पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

Vigyapan

रात 2 बजे तक क्या हो रहा था?

घटना का सबसे अहम पहलू इसका समय बताया जा रहा है। शहर में बार और पब के संचालन को लेकर निर्धारित समय-सीमा के बावजूद यदि होटल परिसर में देर रात तक इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं, तो यह निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय स्तर पर बार-पब को रात 12 बजे तक बंद किए जाने की बात कही जाती है। ऐसे में रात करीब 2 बजे होटल के बाहर नशे की हालत में विवाद की घटना सामने आने से यह सवाल उठ रहा है कि निर्धारित समय के बाद होटल परिसर में गतिविधियों की निगरानी किस स्तर पर की जा रही थी।

पहले भी सामने आ चुके हैं विवाद

स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि हैवंस पार्क से विवाद और हंगामे से जुड़े मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। हालांकि, इन घटनाओं और मौजूदा मामले में पुलिस या आबकारी विभाग की ओर से आधिकारिक कार्रवाई अथवा किसी नियम के उल्लंघन की पुष्टि होना अभी बाकी है।

पुलिस और आबकारी विभाग की निगरानी पर सवाल

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि शराब परोसने वाले प्रतिष्ठानों में निर्धारित समय के बाद भी गतिविधियां जारी रहती हैं, तो संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। वहीं, यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या नहीं, यह भी देखने वाली बात होगी।

फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से घटना के समय, होटल में गतिविधियों और नियमों के पालन को लेकर आधिकारिक जांच या बयान सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor

You missed