बिलासपुर, नवंबर, 26/2026
खजुरी नवागांव : पहले मुरूम-पत्थर का अवैध उत्खनन, अब सागौन के 250 पेड़ों की अवैध कटाई, CM हेल्पलाइन में शिकायत… वन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
बिलासपुर। तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खजुरी नवागांव में अवैध उत्खनन के बाद अब बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। यहां वन विभाग द्वारा लगाए गए सागौन के करीब 250 पेड़ों को असामाजिक तत्वों द्वारा काट दिया गया है। मामले में मनोज कुमार ने 24 नवंबर को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के संबंधित रेंजर के पास कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, पिछले कुछ समय से क्षेत्र में वन विभाग द्वारा लगाए गए सागौन के पेड़ों की लगातार अवैध कटाई की जा रही है। पेड़ों को काटकर उनकी लकड़ी बेचने का काम किया जा रहा है। अब तक 250 से अधिक पेड़ों की कटाई होने की बात सामने आई है। इसके बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि खजुरी नवागांव क्षेत्र पहले भी अवैध गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में रहा है। यहां बड़े पैमाने पर मुरूम और चिल्फी पत्थर का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। मीडिया में खबरें सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई की थी, जिसके बाद अवैध उत्खनन पर रोक लगी थी। लेकिन अब उसी क्षेत्र में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आने से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में सागौन के पेड़ काटे जा रहे थे, लेकिन वन विभाग को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी ? क्या संबंधित बीट गार्ड नियमित रूप से क्षेत्र में पेट्रोलिंग नहीं करते ? यदि पेट्रोलिंग की जा रही है तो फिर 250 से अधिक पेड़ों की कटाई की जानकारी विभागीय अमले को क्यों नहीं हुई ?
फिलहाल शिकायत सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से वन विभाग के संबंधित अधिकारी तक पहुंच चुकी है। अब देखना होगा कि वन विभाग इस मामले में कब तक जांच शुरू करता है और अवैध कटाई में शामिल लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Author Profile
Latest entries
प्रशासन26/11/2026खजुरी नवागांव : पहले मुरूम-पत्थर का अवैध उत्खनन, अब सागौन के 250 पेड़ों की अवैध कटाई, CM हेल्पलाइन में शिकायत… वन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
राजनीति25/11/2026डिप्टी सीएम अरुण साव के जन्मदिन कार्यक्रम में अव्यवस्था.. तखतपुर में बदबूदार खाना बांटने का आरोप.. लोगों ने फेंके खाने के पैकेट.. आखिर किसने की थी खाना पैकेट की व्यवस्था ?
Uncategorized23/11/2026एक साल से सड़क पर संघर्ष, फिर भी नहीं मिला न्याय… लिंगियाडीह आंदोलन के 365 दिन पूरे..
छत्तीसगढ़22/11/2026MSP बढ़ा, किसानों की सहायता घटी! ₹3,100 के दावे पर विजय केशरवानी ने सरकार से पूछा- किसानों को फायदा कहां मिला ?
