बिलासपुर, 24/2026
19 साल से बिलासपुर में रह रहा था बांग्लादेशी नागरिक, फर्जी दस्तावेजों के सहारे बना लिए भारतीय पहचान पत्र, STF ने दबोचा..
बिलासपुर। विशेष टास्क फोर्स (STF) और जिला विशेष शाखा की टीम ने अवैध रूप से भारत में निवासरत एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को सरकंडा क्षेत्र से पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब 19 वर्षों से बिलासपुर में रह रहा था और उसने कथित तौर पर भारतीय पहचान से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज गलत तरीके से बनवा रखे थे। पुलिस ने उसके खिलाफ बांग्लादेश डिपोर्टेशन की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, STF द्वारा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार जांच और पतासाजी की जा रही है। करीब 20 दिन पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति को होल्डिंग सेंटर, रायपुर भेजा गया था, लेकिन वहां से वह फरार हो गया था। इसके बाद STF उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
इसी दौरान निरीक्षक संजय शिंदे को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति सरकंडा क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उसके संभावित आने-जाने और रहने के ठिकानों की निगरानी की गई। 24 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे STF और जिला विशेष शाखा की संयुक्त टीम ने सूर्या विहार कॉलोनी में दबिश देकर उसे पकड़ लिया। इससे पहले वह सरकंडा के बंगालीपारा गली नंबर-3 में भी रह चुका था।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अतीक हुसैन पिता स्व. मोहम्मद हुसैन, उम्र 42 वर्ष बताया। पुलिस के अनुसार उसने अपना मूल पता ग्राम नाईखोने, थाना अरैहजार, जिला नारायणगंज, ढाका, बांग्लादेश बताया और वर्ष 2005 में बांग्लादेश से भारत आने की बात स्वीकार की। वर्ष 2005 से 2007 तक तमिलनाडु में रहने के बाद वह बिलासपुर आया था।
अतीक हुसैन

पुलिस के मुताबिक अतीक हुसैन पिछले करीब 19 वर्षों से NTPC सीपत में BECO LIFTS PRIVATE LIMITED में लिफ्ट मेंटेनेंस का काम कर रहा था। जिस किराये के मकान में वह रह रहा था, वहां जांच के दौरान पुलिस को भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और नौवीं कक्षा की अंकसूची सहित कई दस्तावेज मिले।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान अतीक हुसैन ने इन दस्तावेजों को गलत तरीके से बनवाने की बात स्वीकार की है। मामले में दस्तावेजों की वैधता और उन्हें तैयार कराने की प्रक्रिया को लेकर भी जांच की जा रही है।
रायपुर होल्डिंग सेंटर भेजा गया
बिलासपुर पुलिस ने अतीक हुसैन के खिलाफ बांग्लादेश डिपोर्टेशन की कार्रवाई शुरू कर दी है। आगे की प्रक्रिया पूरी होने तक उसे होल्डिंग सेंटर रायपुर भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा संबंधित बांग्लादेशी दूतावास को भी मामले की जानकारी देने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन और STF की नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रशमीत कौर चावला के नेतृत्व में निरीक्षक संजय शिंदे, जिला विशेष शाखा के उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह, आरक्षक कमल साहू और आरक्षक अभिषेक यादव की भूमिका रही।
संदिग्ध लोगों की सूचना देने टोल-फ्री नंबर जारी
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह होने अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार अवैध घुसपैठ और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author Profile
Latest entries
अपराध24/09/202619 साल से बिलासपुर में रह रहा था बांग्लादेशी नागरिक, फर्जी दस्तावेजों के सहारे बना लिए भारतीय पहचान पत्र, STF ने दबोचा..
बिलासपुर24/09/2026स्कूल की नौकरी या तहसील की ड्यूटी ? नकल शाखा में शिक्षक की कथित तैनाती से उठे सवाल.. बिलासपुर में शिक्षक की अतिरिक्त ड्यूटी को लेकर जांच की मांग, आदेश से लेकर उपस्थिति और भुगतान तक उठे सवाल..
बिलासपुर23/09/2026बेलतरा विधानसभा को ₹18.67 करोड़ की सौगात, सड़क-स्वास्थ्य-शिक्षा कार्यों का हुआ शुभारंभ… 5 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का भूमिपूजन..
राजनीति22/09/2026खेल जीवन में अनुशासन, एकाग्रता और निरंतर अभ्यास सिखाता है : अमर अग्रवाल खिलाड़ी सम्मान समारोह में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के 25 खेलों के करीब 500 खिलाड़ियों का सम्मान
