बिलासपुर, जुलाई, 29/2026
संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का राष्ट्रव्यापी समरसता अभियान शुरू…
29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में होंगे विविध कार्यक्रम, दीप महोत्सव से होगा शुभारंभ…
बिलासपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के माध्यम से संत रविदास के समता, सामाजिक न्याय, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान की जानकारी भाजपा बिलासपुर शहर एवं ग्रामीण जिला इकाइयों द्वारा अलग-अलग आयोजित पत्रकार वार्ताओं में दी गई।
भाजपा बिलासपुर शहर कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि संत गुरु रविदास किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन बनेगा।
वहीं भाजपा बिलासपुर ग्रामीण जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बाँधी ने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और विचारों से करोड़ों वंचित एवं उपेक्षित लोगों को सम्मान, आत्मविश्वास और उद्देश्यपूर्ण जीवन का मार्ग दिखाया। उनके समरसता, समानता और सामाजिक न्याय के संदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और भाजपा इन्हें जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई, गुरु पूर्णिमा की संध्या “समरसता दीप महोत्सव” से होगा। जिले के सभी मंडलों में संत रविदास मंदिरों सहित प्रमुख मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम, सामूहिक भंडारा तथा साधु-संतों का सम्मान किया जाएगा।
29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक “श्री गुरु रविदास कलश वंदन अभियान” संचालित होगा। वाराणसी स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के प्रदेशों, जिलों, मंडलों और ग्राम स्तर तक पहुंचाए जाएंगे। छत्तीसगढ़ की कलश यात्रा बलरामपुर, अंबिकापुर और बिलासपुर होते हुए रायपुर पहुंचेगी, जहां विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक सचखंड बल्लां (जालंधर) से सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक “श्री गुरु रविदास समरसता यात्रा” निकाली जाएगी। वहीं 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक देशभर के छात्रावासों में “श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान” के तहत समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें संत रविदास के जीवन-दर्शन, सामाजिक समरसता, सामाजिक सुधार और विकसित भारत के संकल्प पर संवाद एवं उद्बोधन होंगे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समता, मानवता, सेवा, सामाजिक न्याय, भाईचारा और सद्भाव के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं समाज के सभी वर्गों से संत रविदास के बताए मार्ग पर चलते हुए समरस, समानतामूलक और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाजपा शहर जिला की पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा, मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित पत्रकार उपस्थित रहे। वहीं ग्रामीण जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर, मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया तथा कार्यालय मंत्री महाराज सिंह नायक मौजूद रहे।
Author Profile
Latest entries
बिलासपुर14/09/202611 वर्षों से पेण्ड्रा में दिया जा रहा स्वच्छता का संदेश, 13 सितंबर से फिर शुरू हुआ महाअभियान मुक्तिधाम, खेल मैदान, तालाब सहित शहर के 6 प्रमुख स्थानों की कराते हैं सफाई हर्ष छाबरिया की पहल बनी जनअभियान की पहचान, शहरवासी स्नेह से कहते हैं ‘स्वच्छता दूत’
राजनीति13/09/2026मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल पर सेवा संकल्प अभियान… 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम…
बिलासपुर13/09/2026विधायक के जन्मदिन में सड़क बनी जश्न का मंच, जनता घंटों जाम में हलाकान; यातायात प्रशासन सवालों के घेरे में ?
Uncategorized13/09/2026सरकंडा पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब पिलाने वालों समेत 7 बदमाशों पर कार्रवाई
