बिलासपुर, मई, 26/2026
प्रशिक्षण शिविर में थम गई सांसें : भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन,, सियासी गलियारों में शोक…
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और भाजपा संगठन के लिए मंगलवार का दिन बेहद दुखद रहा। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रूपनारायण सिन्हा का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। वे बिलासपुर के तिफरा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे अचेत होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रूपनारायण सिन्हा को साय सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। जनवरी 2025 में उन्हें छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि प्रशिक्षण शिविर के समापन के दौरान अचानक उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित कई पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से जानकारी ली।
सोमवार से शुरू हुए इस दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम के बीच हुई इस अप्रत्याशित घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया।

रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे और संगठनात्मक कार्यों के साथ सामाजिक एवं योग गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। भाजपा नेताओं ने उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रूपनारायण सिन्हा ने संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से भाजपा परिवार ने एक समर्पित और अनुभवी कार्यकर्ता खो दिया है।
फिलहाल, परिजन उनका पार्थिव शरीर लेकर रायपुर रवाना हो गए हैं।

Author Profile
Latest entries
राजनीति08/10/2026निर्वाचन आयोग के खिलाफ INDIA गठबंधन का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेरकर उठाई मुख्य चुनाव आयोग के इस्तीफे की मांग…
बिलासपुर08/10/2026सेलर में सीमांकन कार्रवाई बना राजनीतिक अखाड़ा, सरपंच ने राजस्व विभाग की कार्रवाई पर उठाए सवाल, पॉलिटिकल दबाव में जमीन की जांच का आरोप,सभी खसरों की निष्पक्ष की मांग..
बिलासपुर08/10/2026रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड ने 140 बच्चों को वितरित किए स्कूल बैग एवं लंच बॉक्स..
राजनीति06/10/2026आयोजन में अरपांचल याद, विकास में क्यों भुला दिया ?अलग नगर निगम की मांग पर चुप्पी क्यों साधे है जिम्मेदार ? बारिश में जलभराव, सालों से विकास का इंतजार… अरपांचल को अलग नगर निगम कब ?… विजय केशरवानी !
