• Sat. Sep 12th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

तारा कोल ब्लॉक पर दीपक बैज का भाजपा सरकार पर हमला: बोले- जंगल काटकर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने की साजिश, आवंटन रद्द करे सरकार… संगठन सृजन अभियान के समापन पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने साधा निशाना, कहा- जनता के मुद्दों पर अर्जुन की तरह लक्ष्य साधकर लड़ेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

बिलासपुर, सितंबर, 12/2026

तारा कोल ब्लॉक पर दीपक बैज का भाजपा सरकार पर हमला: बोले- जंगल काटकर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने की साजिश, आवंटन रद्द करे सरकार…

संगठन सृजन अभियान के समापन पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने साधा निशाना, कहा- जनता के मुद्दों पर अर्जुन की तरह लक्ष्य साधकर लड़ेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

बिलासपुर। संगठन सृजन अभियान के तहत बिलासपुर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों के तृतीय चरण के प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। समापन समारोह में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तारा कोल ब्लॉक के आवंटन, पर्यावरण संरक्षण, खनिज संसाधनों के दोहन और प्रदेश के आर्थिक हितों को लेकर सरकार को घेरा। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों पर मजबूती से संघर्ष करने का आह्वान किया।

दीपक बैज ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में 74 से अधिक ब्लॉक अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों के साथ संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच सरकार की नाकामियों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने अध्यक्षों को

अर्जुन की तरह तैयार कर रही है, ताकि उनकी नजर केवल मछली यानी जनता के मुद्दों पर रहे।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में रात 9 बजे तक विभिन्न सत्र चले। जनता से जुड़े मुद्दों, सरकार की कथित नाकामियों और भाजपा के प्रचार तंत्र का मुकाबला करने को लेकर गंभीर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस तरह से प्रोपेगेंडा चला रही है, उसके खिलाफ जनता के बीच जाकर मजबूती से लड़ाई लड़ने की रणनीति इस प्रशिक्षण में तैयार की गई है। बैज ने प्रशिक्षण को प्रभावशाली और सफल बताया।

तारा कोल ब्लॉक पर सरकार को घेरा…

तारा कोल ब्लॉक के आवंटन को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि तारा कोल ब्लॉक लेमरू एलिफेंट रिजर्व फॉरेस्ट से लगा हुआ है और इसका क्षेत्रफल करीब 5 हजार एकड़ बताया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यहां 10 लाख से अधिक पेड़ों की कटाई का खतरा है। बैज ने कहा कि कोल ब्लॉक किसने बेचा और किसे बेचा, यह पूरा देश जानता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने यह कोल ब्लॉक अदाणी की कंपनी को आवंटित किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर छत्तीसगढ़ के कोल ब्लॉकों को नहीं बेचने की मांग की गई थी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने प्रदेश के खनिज संसाधनों को बेचने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जंगलों की कटाई से पर्यावरण के साथ-साथ जनजीवन भी प्रभावित होगा। प्रदेश के खनिज संसाधनों का लगातार दोहन कर उन्हें पूंजीपतियों के हित में इस्तेमाल किया जा रहा है। बैज ने मांग की कि प्रदेश में किए गए कोल ब्लॉक आवंटनों को रद्द किया जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखेंगे? उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर बड़ी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।

खनिज संपदा के पैसे को लेकर भी उठाए सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों से मिलने वाले राजस्व को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को खनिज संपदाओं से मिलने वाले टैक्स और राजस्व के माध्यम से विकास के लिए धन प्राप्त होता था, लेकिन अब सरकार की नीतियों से प्रदेश के आर्थिक हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर छत्तीसगढ़ के विकास पर पड़ेगा और कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

संगठन सृजन अभियान के समापन कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अलावा छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री सहित बिलासपुर संभाग के सभी कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed