बिलासपुर, नवंबर, 10/2025
बिलासपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: 50 हजार की रिश्वत लेते नायब तहसीलदार रंगे हाथों गिरफ्तार…
बिलासपुर। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर इकाई ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत तहसील के नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी (एसीबी) अजितेश सिंह ने किया।
एसीबी के अनुसार, यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे व्यापक ट्रैप अभियान के तहत की गई। आरोपी नायब तहसीलदार ने एक किसान से जमीन के रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने के एवज में ₹1,50,000 की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत सत्यापित होने के बाद, एसीबी ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

शिकायत से गिरफ्तारी तक की पूरी कहानी
ग्राम बिटकुला (तहसील सीपत) निवासी प्रवीण पाटनवार ने 30 अक्टूबर 2025 को एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी माता के निधन के बाद, लगभग 21 एकड़ कृषि भूमि उसकी माता के नाम पर दर्ज थी। इस भूमि की फौती दर्ज कर नामांतरण के लिए जब वह नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे से मिला, तो आरोपी ने ₹1.50 लाख की रिश्वत मांगी।
शिकायत की प्राथमिक जांच और सत्यापन के दौरान यह साबित हुआ कि आरोपी ने रकम को ₹1.20 लाख तक घटाकर रिश्वत स्वीकार करने की सहमति दी थी। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की पूरी योजना बनाई।

कैफे में हुई रिश्वत की डील
आज सुबह (10 नवम्बर) प्रार्थी को व्यवस्था की गई पहली किश्त ₹50,000 की राशि लेकर भेजा गया। आरोपी नायब तहसीलदार ने यह राशि एनटीपीसी सीपत स्थित कॉफी हाउस में स्वीकार की। जैसे ही पैसे हाथ में लिए गए, वहां पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा।
एसीबी अधिकारियों ने मौके से ₹50,000 की रिश्वती रकम बरामद कर ली। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी ने आरोपी नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि “भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है और भविष्य में भी ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।”
एसीबी बिलासपुर की अब तक 37 सफल ट्रैप कार्रवाई
गौरतलब है कि एसीबी इकाई बिलासपुर द्वारा पिछले 1 वर्ष 6 माह में की गई यह 37वीं सफल ट्रैप कार्रवाई है।
जनता से अपील करते हुए डीएसपी सिंह ने कहा कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत मोबाइल नंबर 9926111932 या फोन नंबर 07752-250362 पर दें।
Author Profile
Latest entries
राजनीति06/10/2026आयोजन में अरपांचल याद, विकास में क्यों भुला दिया ?अलग नगर निगम की मांग पर चुप्पी क्यों साधे है जिम्मेदार ? बारिश में जलभराव, सालों से विकास का इंतजार… अरपांचल को अलग नगर निगम कब ?… विजय केशरवानी !
बिलासपुर05/10/2026गांजा तस्करी मामले के बाद अब आय से अधिक संपत्ति का केस, बर्खास्त आरक्षक संतोष राठौर पर ACB का शिकंजा..
अपराध04/10/2026गैस मीटर विवाद में Eden Court निवासी धीरज पर जातिसूचक टिप्पणी, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप ग्रीन सर्विस के सुपरवाइजर ने थाना अजाक में शिकायत देकर SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की
राजनीति04/10/2026बेलतरा में सियासी घमासान: विधायक पर कथित दबाव और बदले की राजनीति के आरोप, 13 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय घेरेंगे जनप्रतिनिधि
