• Mon. Nov 16th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

सीएम विष्णु देव साय ने प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का किया लोकार्पण…

बिलासपुर, नवंबर, 16/2026

सीएम विष्णु देव साय ने प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का किया लोकार्पण…

12.60 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पार्किंग में एक साथ खड़ी हो सकेंगी 80 कारें, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था होगी सुगम…

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से विकसित इस आधुनिक सुविधा में एक साथ 80 चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। इससे शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में व्यवस्थित एवं सुविधाजनक पार्किंग उपलब्ध होगी। साथ ही सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से उत्पन्न यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, श्री धरमलाल कौशिक, महापौर श्रीमती पूजा विधानी एवं क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी उपस्थित थे।

भूतल सहित कुल पांच तल वाले इस भवन के भूतल पर वाहनों के प्रवेश, निकास एवं संचालन को नियंत्रित करने की व्यवस्था की गई है। प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक तल पर 20 कारों की पार्किंग की जा सकती है। सीमित शहरी भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए विकसित यह परियोजना बिलासपुर की यातायात एवं पार्किंग सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शहर में बढ़ते वाहनों की संख्या के बीच सीमित भूमि में अधिकतम पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह आधुनिक समाधान प्रस्तुत करती है।

शटल तकनीक से स्वचालित होगी वाहनों की पार्किंग

इस पार्किंग में वाहन चालक को भूतल पर निर्धारित प्रवेश बे में कार खड़ी कर बाहर आना होगा। इसके बाद स्वचालित नियंत्रण प्रणाली के माध्यम से एलिवेटर कार को निर्धारित पार्किंग तल तक ले जाएगा और शटल रोबो उपकरण उसे खाली पार्किंग स्लॉट में पहुंचाएगा। वाहन वापस लेने के लिए अनुरोध करने पर यही प्रणाली कार को भूतल के निकास बे तक ले आएगी। इससे वाहन चालक को ऊपरी तलों पर जाकर पार्किंग स्थान तलाशने और स्वयं कार ले जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

परियोजना में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश एवं दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप तथा स्वचालित नियंत्रण एवं निगरानी की व्यवस्था की गई है। परियोजना के डिजाइन के अनुसार पार्किंग प्रणाली की वाहन संचालन क्षमता लगभग 60 वाहन प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इस सुविधा से पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में आने वाले नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक पार्किंग मिलेगी। साथ ही सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग का दबाव घटने, आवागमन सुगम होने और शहर की स्मार्ट परिवहन अधोसंरचना को मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed