• Sun. Nov 15th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

छेड़छाड़ की शिकायत के बाद पीड़िता पर केस वापस लेने का दबाव, झूठे मामले में फंसाने और धमकी देने का आरोप…

बिलासपुर, नवंबर, 15/2026

छेड़छाड़ की शिकायत के बाद पीड़िता पर केस वापस लेने का दबाव, झूठे मामले में फंसाने और धमकी देने का आरोप…

बिलासपुर। न्यायधानी के मेलापारा चांटीडीह क्षेत्र में छेड़छाड़ का एक मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने कुछ युवकों पर रास्ता रोककर बदसलूकी और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। वहीं, एफआईआर दर्ज होने के बाद अब आरोपियों के परिजनों और क्षेत्र की महिला पार्षद पर केस वापस लेने का दबाव बनाने तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित महिला के मुताबिक, 1 नवंबर की रात वह अपने एक रिश्तेदार के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान मेलापारा के पास 6-7 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ बदसलूकी करते हुए छेड़छाड़ करने लगे। किसी तरह वहां से निकलकर महिला सरकंडा थाने पहुंची, लेकिन आरोप है कि उस समय उसे सुबह आने के लिए कहा गया। अगले दिन थाने पहुंचने के बावजूद उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई।

इसके बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की। एसपी के हस्तक्षेप के बाद सरकंडा थाने में संबंधित युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

महिला ने बताया कि 5 नवंबर को वह बयान दर्ज कराने थाने पहुंची थी। इसी दौरान क्षेत्र की महिला पार्षद भी आरोपियों के परिवार की महिलाओं के साथ थाने पहुंच गईं। पीड़िता का आरोप है कि वहां उस पर केस वापस लेने का दबाव बनाया गया और ऐसा नहीं करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, आरोपियों के पक्ष की ओर से पीड़िता के खिलाफ भी थाने में लिखित शिकायत दिए जाने की बात सामने आई है।

पीड़ित महिला का कहना है कि छेड़छाड़ की शिकायत करने के बाद अब उसी पर दबाव बनाया जा रहा है और उसे झूठे केस में फंसाने की कोशिश की जा रही है। महिला ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और उसे सुरक्षा एवं न्याय दिलाने की मांग की है।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor

You missed