बिलासपुर, दिसंबर, 15/2025
भारतीय नगर मुक्तिधाम का कायाकल्प, हरियाली व आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रहा परिसर
बिलासपुर। अंतिम यात्रा पर आने वाले आम नागरिकों को सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं हरियालीयुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ अग्रवाल सेवा समिति के तत्वावधान में भारतीय नगर मुक्तिधाम का संधारण एवं जीर्णोद्धार कार्य निरंतर किया जा रहा है। यह कार्य सामाजिक दानदाताओं के सहयोग से संचालित हो रहा है, जिसमें रोटरी क्लब का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

वर्तमान में अग्रवाल सेवा समिति द्वारा मुक्तिधाम परिसर में व्यवस्थित गार्डन, पार्किंग व्यवस्था, ग्रेनाइट-मार्बलयुक्त शेड व बैठक निर्माण, अंत्येष्टि चबूतरा, दशगात्र एवं अन्य संस्कारों हेतु बैठक व्यवस्था, लाइट, पंखा, वाटर कूलर, फव्वारा, फूल-पौधे एवं गमलों सहित वृक्षारोपण, बाथरूम व स्नानघर जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही पूरे परिसर में सीसी रोड का निर्माण, सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे, स्थायी शिफ्टवार सुरक्षागार्ड, माली, सफाईकर्मी तथा अंतिम क्रिया में सहयोग हेतु श्रमिकों की व्यवस्था भी की गई है।

सेवा समिति को नगर निगम प्रशासन, जिला प्रशासन एवं बिलासपुर विधायक का निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है। हाल ही में नगर पालिका निगम आयुक्त अमित कुमार ने भारतीय नगर मुक्तिधाम पहुंचकर चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया तथा शेष आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। समिति द्वारा सेकंड फेज में मुक्तिधाम के दफन स्थल को भी व्यवस्थित कर अतिरिक्त सुविधाएं प्रदान करने की योजना है।

अग्रवाल सेवा समिति ने सामाजिक सहयोग से मुक्तिधाम के रखरखाव की जिम्मेदारी उठाई है। समिति की छह सदस्यीय टीम में आनंद अग्रवाल (सीए), संजय अग्रवाल, राजुल जाजोदिया (सीए), मनीष अग्रवाल (पूर्व एल्डरमैन), अजय जाजोदिया एवं अनिल अग्रवाल शामिल हैं। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष शिव अग्रवाल एवं सचिव सुनील सोंथालिया के संयुक्त निर्णय व प्रयासों से यह कार्य संपादित किया जा रहा है।

प्रत्येक सप्ताह समिति के सदस्य एवं श्रम सेवा देने वाले स्वयंसेवक मुक्तिधाम पहुंचकर कार्यों की देखरेख एवं सेवा प्रदान कर रहे हैं। समिति ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे साफ-सफाई एवं निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन कर सहयोग करें, ताकि मुक्तिधाम सदैव स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बना रहे।
सौंदर्यकरण एवं निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात शीघ्र ही लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि सेवा समिति द्वारा निर्धारित की जाएगी।

Author Profile
Latest entries
राजनीति08/10/2026निर्वाचन आयोग के खिलाफ INDIA गठबंधन का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेरकर उठाई मुख्य चुनाव आयोग के इस्तीफे की मांग…
बिलासपुर08/10/2026सेलर में सीमांकन कार्रवाई बना राजनीतिक अखाड़ा, सरपंच ने राजस्व विभाग की कार्रवाई पर उठाए सवाल, पॉलिटिकल दबाव में जमीन की जांच का आरोप,सभी खसरों की निष्पक्ष की मांग..
बिलासपुर08/10/2026रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर यूनाइटेड ने 140 बच्चों को वितरित किए स्कूल बैग एवं लंच बॉक्स..
राजनीति06/10/2026आयोजन में अरपांचल याद, विकास में क्यों भुला दिया ?अलग नगर निगम की मांग पर चुप्पी क्यों साधे है जिम्मेदार ? बारिश में जलभराव, सालों से विकास का इंतजार… अरपांचल को अलग नगर निगम कब ?… विजय केशरवानी !
