बिलासपुर, नवंबर, 27/2026
क्या कबाड़ की आड़ में चल रहा था चोरी के वाहनों का खेल ? कबाड़ गोदाम में सिरगिट्टी पुलिस की दबिश, गैस कटर, गाड़ियों के पार्ट्स, नंबर प्लेट मिलने से चोरी के नेटवर्क की आशंका ?
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई..
पुलिस ने तीन ट्रक संदिग्ध कबाड़ किया जब्त, दस्तावेज नहीं दिखा सका संचालक…
बिलासपुर। शहर में अवैध कबाड़ के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी थाना पुलिस ने तिफरा स्थित एक कबाड़ गोदाम में छापेमार कार्रवाई की। बुधवार की दोपहर से शुरू हुई यह कार्रवाई रात करीब 9 बजे तक चली। इस दौरान गोदाम में कबाड़ से भरे चार ट्रक मिले, जिनमें से तीन ट्रकों को जब्त कर थाने लाया गया, जबकि एक ट्रक चालू हालत में नहीं होने के कारण मौके पर ही छोड़ दिया गया। गोदाम से गैस कटर, कटे हुए वाहनों के हिस्से, कलपुर्जे और बिलासपुर सहित दूसरे जिलों की नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ जीएसटी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोदाम संचालक से कबाड़ में रखे माल के बिल, ई-वे बिल और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे, लेकिन कार्रवाई के दौरान संचालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में एक ट्रक को गैस कटर से काटे जाने की बात भी सामने आई। इसके अलावा गोदाम में कुछ वाहन बिना नंबर प्लेट के खड़े मिले।
कबाड़ के नाम पर चोरी के वाहनों को खपाने का शक
गोदाम से कटे हुए वाहनों के हिस्से, कलपुर्जे और अलग-अलग जिलों की नंबर प्लेट मिलने के बाद अवैध कबाड़ के कारोबार के साथ वाहन चोरी के नेटवर्क को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं ? आशंका जताई जा रही है कि कहीं चोरी के वाहनों को कबाड़ के नाम पर यहां लाकर काटा तो नहीं जा रहा था, ताकि उनकी पहचान मिटाई जा सके। हालांकि, इस संबंध में अभी पुलिस जांच कर रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि गोदाम में इतनी बड़ी संख्या में वाहन और उनके पुर्जे कहां से पहुंच रहे थे ? क्या शहर और आसपास के इलाकों में संचालित छोटे कबाड़ कारोबारियों का माल भी इसी गोदाम में खपाया जा रहा था ? सूत्रों के मुताबिक, जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के कबाड़ी यहां अपना माल बेचने पहुंचते थे। ऐसे में इस पूरे नेटवर्क की जांच जरूर होनी चाहिए।
मौके पर छोड़े गए ट्रक के माल पर भी सवाल ?
पुलिस ने तीन ट्रकों को जब्त किया है, लेकिन एक ट्रक को खराब होने के कारण मौके पर ही छोड़ दिया गया। ऐसे में उस ट्रक में रखे कबाड़ और उससे जुड़े दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब जब्त वाहनों के चेसिस नंबर और अन्य पहचान संबंधी जानकारियों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि कबाड़ वैध तरीके से खरीदा गया था या इसके पीछे अवैध कारोबार का नेटवर्क सक्रिय था।

इस कार्रवाई के बाद कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब सवाल यह भी उठ रहा है कि सिरगिट्टी और तिफरा के अलावा शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में संचालित कबाड़ गोदामों की भी जांच होनी चाहिए, ताकि अवैध कबाड़ के कारोबार और संभावित वाहन चोरी के नेटवर्क का खुलासा हो सके।
दस्तावेज मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
मामले में एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि कबाड़ गोदाम में पुलिस ने कार्रवाई की है। मौके से कबाड़ से भरे तीन ट्रक जब्त किए गए हैं। गोदाम संचालक का कहना है कि उसके पास माल से संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं। उसे दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया है। दस्तावेज मिलने के बाद उनकी जांच की जाएगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author Profile
Latest entries
अपराध27/11/2026क्या कबाड़ की आड़ में चल रहा था चोरी के वाहनों का खेल ? कबाड़ गोदाम में सिरगिट्टी पुलिस की दबिश, गैस कटर, गाड़ियों के पार्ट्स, नंबर प्लेट मिलने से चोरी के नेटवर्क की आशंका ? एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई..
बिलासपुर27/11/2026सिंदूर की मर्यादा,छठ की आस्था से खिलवाड़ पर बिलासपुर लामबंद, कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर कार्रवाई की मांग..
प्रशासन26/11/2026कस्टम मिलिंग में लापरवाही पर सख्ती : दो राइस मिल सील, 20 मिलर्स को नोटिस..
प्रशासन26/11/2026खजुरी नवागांव : पहले मुरूम-पत्थर का अवैध उत्खनन, अब सागौन के 250 पेड़ों की अवैध कटाई, CM हेल्पलाइन में शिकायत… वन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
