बिलासपुर, फरवरी, 04/2026
पामगढ़ में एसीबी का बड़ा ट्रैप, अतिरिक्त तहसीलदार व पटवारी 35 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार..
जांजगीर-चांपा। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीबी बिलासपुर ने जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र में बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी टीम ने अतिरिक्त तहसीलदार पामगढ़ श्रीमती करुणा आहेर और चोरभट्टी (उच्चभट्ठी) के पटवारी आयुष कुमार ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, धान उपार्जन केंद्र चोरभट्टी के प्रभारी धीरेन्द्र कुमार कौशिक ने एसीबी इकाई बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर द्वारा पूर्व में धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया गया था और धान खरीदी कार्य में अनियमितता का हवाला देते हुए पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद बड़े अधिकारियों को प्रतिकूल रिपोर्ट न भेजने के एवज में 30 से 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, अतिरिक्त तहसीलदार ने अपने साथ आए पटवारी आयुष कुमार ध्रुव से अलग से बात करने को कहा, जिसके बाद पटवारी ने भी मैडम द्वारा मांगी गई रकम देने तथा अपने लिए भी कुछ राशि की व्यवस्था करने की बात कही। रिश्वत नहीं देना चाहते हुए शिकायतकर्ता ने आरोपियों को रंगेहाथ पकड़वाने का निर्णय लिया।
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन किया गया, जो सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। 4 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता द्वारा 35 हजार रुपये की रिश्वत राशि आरोपियों को देने के लिए भेजी गई। अतिरिक्त तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी आयुष कुमार ध्रुव ने जैसे ही रिश्वत की रकम स्वीकार की, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी राशि पटवारी के कब्जे से बरामद कर ली गई।
डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि एसीबी द्वारा लगातार भ्रष्ट लोकसेवकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।
एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विभाग में यदि कोई लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Author Profile
Latest entries
छत्तीसगढ़16/11/2026बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, 120 करोड़ रुपए के 16 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन.. शिक्षा, खेल, कला एवं समाजसेवा के क्षेत्र की 28 प्रतिभाएं सम्मानित..
प्रशासन16/11/202620 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित करने संबंधी पत्र फर्जी जिला कार्यालय बिलासपुर से जारी नहीं हुआ ऐसा कोई आदेश, जांच एवं कार्रवाई के निर्देश
छत्तीसगढ़16/11/2026सीएम विष्णु देव साय ने प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का किया लोकार्पण…
धर्म-कला -संस्कृति16/11/2026अरपा तट पर आस्था का ऐसा उजास, सूर्यास्त के साथ गूंज उठे छठी मैया के जयकारे, छठ व्रतियों का का उमड़ा जन सैलाब.. सूप, दउरा और ठेकुआ में जीवित है लोकसंस्कृति..
