• Tue. May 26th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

हाई ग्रेड कोयले में ‘खेल’! हिर्री पुलिस ने पकड़ा कोल माफिया गिरोह, डिपो मालिक समेत 5 गिरफ्तार

बिलासपुर, मई, 26/2026

हाई ग्रेड कोयले में ‘खेल’! हिर्री पुलिस ने पकड़ा कोल माफिया गिरोह, डिपो मालिक समेत 5 गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में कोयले की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। हिर्री पुलिस ने उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को रास्ते में बदलकर कम गुणवत्ता का कोयला सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए डिपो मालिक, वाहन मालिक और तीन चालकों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामला थाना हिर्री के अपराध क्रमांक 123/2026 से जुड़ा है, जिसमें बीएनएस की धारा 316(3), 317(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। घटना 21 मई 2026 को पेण्ड्रीडीह स्थित कोल डिपो क्षेत्र की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी आशीष केशरी, जो कोल परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करता है, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एसईसीएल अमेरा विश्रामपुर क्षेत्र से उच्च गुणवत्ता का जी-6 ग्रेड (5500-5800 GCV) कोयला तीन ट्रेलरों में लोड कर सिलतरा स्थित गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड भेजा गया था। आरोप है कि रास्ते में पेण्ड्रीडीह चौक के पास वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू और अन्य आरोपियों ने ट्रकों को नरेश अग्रवाल के कोल डिपो में ले जाकर प्रत्येक वाहन से लगभग पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता का कोयला उतरवा लिया।

इसके बाद ट्रकों में कम गुणवत्ता वाला 4700 GCV का कोयला भरकर उद्योग को सप्लाई कर दिया गया। शिकायत के बाद हिर्री पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। मौके का निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के बयान और कोयले के सैंपल परीक्षण के बाद पुलिस ने आरोपों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों में रामावैली निवासी डिपो संचालक नरेश अग्रवाल, वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू तथा ट्रेलर चालक फिरोज अंसारी, निसार अंसारी और इमरान अंसारी शामिल हैं।

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और सीएसपी चकरभाठा डी.आर. टंडन के निर्देशन में थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा की टीम ने की।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor

You missed