• Sat. Jul 25th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

91 प्रतिभागियों को पछाड़ बिलासपुर की एंजेल चौकसे बनीं ‘Mrs. Alluring 2026’.. दिल्ली में आयोजित Mrs. India International Queen प्रतियोगिता में देश-विदेश की प्रतिभागियों के बीच जीता खिताब, एंजेल ने कहा, सपनों की कोई उम्र नहीं होती..

बिलासपुर, जुलाई, 25/2026

91 प्रतिभागियों को पछाड़ बिलासपुर की एंजेल चौकसे बनीं ‘Mrs. Alluring 2026’..

दिल्ली में आयोजित Mrs. India International Queen प्रतियोगिता में देश-विदेश की प्रतिभागियों के बीच जीता खिताब, एंजेल ने कहा, सपनों की कोई उम्र नहीं होती..

बिलासपुर। बिलासपुर की एंजेल चौकसे ने राजधानी दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित प्रतिष्ठित Mrs. India International Queen 2026 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 91 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ ‘Mrs. India International Queen Alluring 2026’ का खिताब अपने नाम कर लिया। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारत के अलावा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कतर, अमेरिका और लंदन से भी प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। एंजेल की इस उपलब्धि से उनके पूरे परिवार, बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

एंजेल चौकसे ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले उन्होंने अपने पति और परिवार का विश्वास जीता और लगभग एक वर्ष तक अनुशासित दिनचर्या, नियमित व्यायाम, प्रोटीन डाइट, कैटवॉक, ग्रूमिंग, पब्लिक स्पीकिंग और व्यक्तित्व विकास पर लगातार मेहनत की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सपने पुरुषों से अलग होते हैं और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए कई गुना अधिक संघर्ष करना पड़ता है।

कॉलेज से शुरू हुआ था सपना

एंजेल ने बताया कि कॉलेज के दिनों से ही उनकी रुचि फैशन और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट में रही है। होम साइंस की छात्रा रहते हुए उन्होंने कॉलेज की ब्यूटी प्रतियोगिता में ‘Miss Home Science’ का खिताब भी जीता था। तभी उन्होंने बड़े मंच पर पहचान बनाने का सपना देखा था, लेकिन विवाह के बाद पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते यह सपना पीछे छूट गया। परिवार के सहयोग और पति रितेश चौकसे के विश्वास ने उन्हें वर्षों बाद फिर से अपने सपनों की ओर लौटने का हौसला दिया।

पांच दिन चली कड़ी प्रतिस्पर्धा

दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित प्रतियोगिता पांच दिनों तक चली। रोजाना सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक विभिन्न राउंड आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को कैटवॉक, टैलेंट राउंड, इंट्रोडक्शन, प्रश्नोत्तर, ग्रूमिंग, पर्सनैलिटी असेसमेंट सहित कई कठिन चरणों से गुजरना पड़ा। एंजेल ने पूरे आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ सभी राउंड पार करते हुए फाइनल में जगह बनाई और अंततः Mrs. Alluring 2026 का ताज अपने नाम किया।

42 वर्ष की उम्र में रचा नया इतिहास

एंजेल ने कहा कि 42 वर्ष की उम्र में इस स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेना बड़ी चुनौती थी, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। इस प्रतियोगिता ने उन्हें केवल एक ताज ही नहीं दिया, बल्कि विभिन्न देशों की प्रतिभागियों से सीखने और उनकी संस्कृति, सोच एवं आत्मविश्वास को करीब से समझने का अवसर भी दिया।

परिवार मेरी सबसे बड़ी ताकत

एंजेल चौकसे ने अपनी सफलता का श्रेय पति रितेश चौकसे, 21 वर्षीय बेटी विनस चौकसे, जो वर्तमान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं, माता-पिता, सास-ससुर और संयुक्त परिवार के सभी सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के त्याग, विश्वास और निरंतर सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।

महिलाओं को दिया प्रेरक संदेश

एंजेल ने बिलासपुर और छत्तीसगढ़ की महिलाओं एवं बेटियों से आह्वान करते हुए कहा कि “सपनों की कोई उम्र नहीं होती। यदि आपके भीतर जुनून, मेहनत और आत्मविश्वास है तो जीवन के किसी भी पड़ाव पर अपने सपनों को साकार किया जा सकता है। परिवार और जिम्मेदारियां हमारी ताकत बन सकती हैं, यदि हम उन्हें अपने सपनों का साथी बना लें।”

उन्होंने अपनी इस उपलब्धि को पूरे बिलासपुर और छत्तीसगढ़ की जनता को समर्पित करते हुए मीडिया, मित्रों, प्रशिक्षकों, शुभचिंतकों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed