बिलासपुर, नवंबर, 04/2025
बिलासपुर में रेल हादसा: मालगाड़ी और मेमू लोकल की टक्कर से मचा हाहाकार — 6 की मौत, 5 घायल
राहत-बचाव जारी, रेलवे अधिकारियों की लापरवाही पर उठे सवाल ?… हेल्प नंबर जारी…
बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार शाम लाखदान के पास एक भीषण रेल दुर्घटना ने पूरे शहर को दहला दिया। एक मालगाड़ी और मेमू लोकल ट्रेन के टकराव व डिरेलमेंट की इस अप्रत्याशित घटना में अब तक 6 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर घंटों अफरातफरी का माहौल बना रहा।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया तथा राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।
रेल प्रशासन ने मुआवजे की घोषणा की…
रेलवे ने मृतकों और घायलों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की है — मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख। सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख
रेल प्रशासन का कहना है कि “घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा दी जा रही है और किसी भी जरूरत को अनदेखा नहीं किया जाएगा।”
हेल्पलाइन नंबर जारी…
रेल प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा हेतु निम्न आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं:
📞 बिलासपुर: 7777857335, 7869953330
📞 चांपा: 8085956528
📞 रायगढ़: 9752485600
📞 पेंड्रा रोड: 8294730162
📞 कोरबा: 7869953330
📞 उसलापुर: 7777857338
परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

CRS स्तर पर होगी जांच…
इस हादसे की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) स्तर पर कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच टीम दुर्घटना के तकनीकी और मानवीय कारणों की पड़ताल करेगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायल यात्रियों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर डटे हुए हैं। रेल प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव कार्य जारी है, और प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
लापरवाही का सबक
रेलवे सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में सिग्नल फेलियर और समन्वय की कमी जैसी बातें सामने आ रही हैं।
स्थानीय कर्मचारियों और कंट्रोल रूम के बीच समय पर सूचना न पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
यात्रियों का आरोप है कि रेल प्रशासन ने हादसे के बाद शुरुआती एक घंटे तक कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी, जिससे भ्रम की स्थिति बनी रही। रेलवे कर्मचारी यूनियन ने भी माना कि ट्रेनों की सुरक्षा प्रणाली में सुधार की तत्काल आवश्यकता है। “हर हादसे के बाद जांच होती है, पर सुधार नहीं”— यही वह कड़वा सच है जो इस दुर्घटना के बाद फिर उभरकर सामने आया है।

रेल सुरक्षा कब होगी प्राथमिकता ?…
हर हादसे के बाद रेलवे मुआवजा और जांच का ऐलान करता है, लेकिन जवाबदेही तय नहीं होती।
सवाल यह है कि जब करोड़ों यात्रियों की जान रेल पटरियों पर निर्भर है, तब सुरक्षा प्रणाली को लेकर इतनी ढिलाई क्यों? बिलासपुर हादसा केवल एक तकनीकी विफलता नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का जिंदा सबूत है।जब तक जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक ऐसे हादसे “सिस्टम की मौत” बनते रहेंगे।
“रेल हादसे अब अपवाद नहीं, नियमित समाचार बनते जा रहे हैं। सवाल यही है — आखिर कब तक जानें लापरवाही की भेंट चढ़ती रहेंगी?”
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा..
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद मेमू ट्रेन के पिछले डिब्बे पलट गए। मौके पर मौजूद यात्रियों ने खुद घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
“तेज धमाके की आवाज आई, धुआं उठने लगा और चारों ओर अफरातफरी मच गई।
स्थिति नियंत्रण में, ट्रैक बहाली जारी…
रेल प्रशासन के अनुसार, राहत कार्य अब अंतिम चरण में है और ट्रैक की बहाली कार्य जारी है। अधिकारी स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
“रेल हादसे अब अपवाद नहीं, नियमित समाचार बनते जा रहे हैं।
जिम्मेदारी तय करने की बजाय मुआवजे की घोषणा से मामला ठंडा कर देना,
प्रशासनिक संवेदनहीनता का प्रतीक बन चुका है।
सवाल यही है आखिर कब तक जानें लापरवाही की भेंट चढ़ती रहेंगी ?”

Author Profile
Latest entries
छत्तीसगढ़16/11/2026बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, 120 करोड़ रुपए के 16 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन.. शिक्षा, खेल, कला एवं समाजसेवा के क्षेत्र की 28 प्रतिभाएं सम्मानित..
प्रशासन16/11/202620 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित करने संबंधी पत्र फर्जी जिला कार्यालय बिलासपुर से जारी नहीं हुआ ऐसा कोई आदेश, जांच एवं कार्रवाई के निर्देश
छत्तीसगढ़16/11/2026सीएम विष्णु देव साय ने प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का किया लोकार्पण…
धर्म-कला -संस्कृति16/11/2026अरपा तट पर आस्था का ऐसा उजास, सूर्यास्त के साथ गूंज उठे छठी मैया के जयकारे, छठ व्रतियों का का उमड़ा जन सैलाब.. सूप, दउरा और ठेकुआ में जीवित है लोकसंस्कृति..
