• Sun. Sep 13th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

दो मजदूरों की मौत के बाद जागा निगम: स्वर्ण जयंती नगर में अवैध निर्माण पर कार्रवाई,, दीवार तोड़ी और 7 दिन की मोहलत…

बिलासपुर, अगस्त, 08/2026

दो मजदूरों की मौत के बाद जागा निगम: स्वर्ण जयंती नगर में अवैध निर्माण पर कार्रवाई,, दीवार तोड़ी और 7 दिन की मोहलत…

बिलासपुर। स्वर्ण जयंती नगर में निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से दो मजदूरों की मौत के चार दिन बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया। शुक्रवार को निगम की टीम पुलिस बल के साथ कथित अवैध निर्माण हटाने मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान जेसीबी से निर्माण की बाहरी दीवार का कुछ हिस्सा तोड़ा गया, लेकिन विरोध और विवाद के बाद पूरी कार्रवाई नहीं हो सकी। मकान मालिक अनुप सिंह के अनुरोध पर निगम ने अतिक्रमण हटाने के लिए सात दिन का समय दे दिया।

कार्रवाई के दौरान करीब चार घंटे तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। नोटिस और सीमांकन को लेकर भवन मालिक के परिजनों और निगम अधिकारियों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान निगम कर्मियों और भवन मालिक के परिजनों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

जेसीबी के सामने खड़े हो गए परिजन..

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निगम की टीम जब जेसीबी लेकर निर्माण को हटाने पहुंची तो भवन मालिक के परिजनों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए जेसीबी के सामने खड़े होकर आपत्ति जताई। मामले की जानकारी मिलने पर दोपहर करीब एक बजे भवन अधिकारी अनुपम तिवारी भी मौके पर पहुंचे।

इसके बाद निगम की टीम ने चारदीवारी की कुछ ईंटें हटाईं। विरोध और बढ़ते विवाद के बीच भवन मालिक अनुप सिंह ने स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए सात दिन का समय मांगा। निगम अधिकारियों ने उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया। इसके बाद टीम बिना पूरी कार्रवाई किए मौके से लौट गई।

भवन मालिक ने कहा- नोटिस का जवाब दिया, फिर भी नहीं हुआ सीमांकन..

कार्रवाई का विरोध कर रहे भवन मालिक के परिजनों का कहना था कि उन्हें कार्रवाई से पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया। भवन मालिक का आरोप है कि पूर्व में जारी नोटिस का जवाब वह दे चुके हैं। उनके आवेदन के बावजूद जमीन का सीमांकन नहीं कराया गया और बिना सीमांकन के ही तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

वहीं नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि संबंधित भवन स्वामी को अवैध निर्माण के संबंध में पहले ही तीन बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

निगम का दावा- नोटिस के बाद भी जारी था निर्माण..

नगर निगम के अनुसार भवन स्वामी को नियमानुसार नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने तथा निर्माण को स्वीकृत नक्शे के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए थे। निगम के मुताबिक 9 अप्रैल 2026 और 26 मई 2026 को भी नोटिस की तामील कराई गई थी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला और निर्माण कार्य जारी रहा।

निगम का कहना है कि स्वीकृत नक्शे के विपरीत किए गए निर्माण को लेकर शुक्रवार को कार्रवाई की गई और जेसीबी की सहायता से निर्माण का कुछ हिस्सा हटाया गया। कार्रवाई के दौरान भवन शाखा, अतिक्रमण शाखा और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

दो मजदूरों की मौत के बाद उठे थे सवाल..

स्वर्ण जयंती नगर स्थित निर्माणाधीन मकान में कुछ दिन पहले करंट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल के पास हाईटेंशन बिजली लाइन बेहद करीब थी। हादसे के बाद निर्माण और जमीन पर कब्जे को लेकर सवाल उठने लगे थे। स्थानीय स्तर पर कथित अवैध निर्माण हटाने की मांग भी तेज हो गई थी।

अब हादसे के चार दिन बाद निगम की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि निगम का कहना है कि कार्रवाई अचानक नहीं की गई, बल्कि पूर्व में नोटिस जारी करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

सात दिन बाद होगी अगली कार्रवाई ?

फिलहाल निगम ने भवन मालिक को अतिक्रमण हटाने के लिए सात दिन का समय दिया है। अब देखना होगा कि निर्धारित समय में भवन मालिक स्वयं कथित अतिक्रमण हटाता है या फिर नगर निगम दोबारा मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करता है।

नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने अधिकारियों को शहर में अवैध एवं नियम विरुद्ध निर्माणों की लगातार निगरानी करने तथा नोटिस के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor

You missed