• Thu. Oct 1st, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

मल्हार के शासकीय स्कूल में अनियमितताओं और फीस के नाम अवैध वसूली पर भड़की छात्राएं, शिकायत ले कर पहुंची कलेक्ट्रेट…

बिलासपुर, अक्टूबर, 01/2026

मल्हार के शासकीय स्कूल में अनियमितताओं और फीस के नाम अवैध वसूली पर भड़की छात्राएं, शिकायत ले कर पहुंची कलेक्ट्रेट…

बिलासपुर। मल्हार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं बड़ी संख्या में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने स्कूल में कथित अनियमितताओं और समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में फीस के नाम पर वसूली की जा रही है और शासन की योजनाओं के तहत छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं का भी लाभ नहीं मिल रहा है।

छात्राओं ने प्राचार्य वेद शुक्ला पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्राचार्य छात्राओं से सीधे और उचित तरीके से बात नहीं करते और डांट-फटकार के साथ अपशब्दो का प्रयोग करते हैं। इसके साथ ही कुछ छात्राओं ने एक अन्य शिक्षक पर गलत नजर रखने का आरोप लगाया है। छात्राओं का कहना है कि जब वे इन मामलों को लेकर आवाज उठाती हैं तो उन्हें परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है।

छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में शिक्षा के नाम पर भी कथित तौर पर पैसे की मांग की जाती है। छात्राओं के मुताबिक शासन की योजना के तहत उन्हें मिलने वाले सैनिटरी पैड भी सही तरीके से उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। आरोप है कि एक्सपायरी सैनिटरी पैड छात्राओं को दिए जाते हैं। छात्राओं ने इन सभी मामलों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

कलेक्टर कार्यालय पहुंची छात्राओं की संख्या अधिक होने पर जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय भी मौके पर पहुंचे। छात्राओं ने उन्हें घेरकर अपनी समस्याएं बताईं और तत्काल निराकरण की मांग की। छात्राओं का कहना है कि स्कूल की समस्याओं को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं और जांच भी हुई है लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से उन्हें दूर से सफर कर कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी बात रखनी पड़ी।

छात्राओं ने स्कूल में शिक्षकों के बदलाव की भी मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल में अन्य गतिविधियां तो हो रही हैं लेकिन पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है। बड़ी संख्या में छात्राओं के एकजुट होकर शिकायत करने से स्कूल की व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

संदीप पांडेय जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर 

इधर जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है। उन्होंने टीम को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि स्कूल में वास्तव में किस स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं और जिम्मेदारी किसकी तय होती है।

 

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor