बिलासपुर, मई, 18/2026
बिलासपुर में पूर्व मंत्री उमेश पटेल का बड़ा बयान,, महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी,,
मोदी राज में किसान, व्यापारी और गृहिणियां सबसे ज्यादा परेशान,,
उमेश पटेल का केंद्र सरकार पर तीखा हमला
देश नहीं संभल रहा तो जनता को कम खर्च की सलाह दे रहे मोदी,,
बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद उपचुनाव के लिए आयोजित नामांकन रैली में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों को जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा बताया और कहा कि देश की जनता पहले ही महंगाई, ईंधन संकट और बेरोजगारी से परेशान है।
विधायक उमेश पटेल ने कहा कि पिछले दो महीनों से देश के कई हिस्से डीजल, पेट्रोल और गैस संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में प्रधानमंत्री लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने, तेल कम खाने और वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दे रहे हैं, जिससे किसानों, व्यापारियों, मजदूरों और आम नागरिकों की परेशानियां और बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने ‘आराम हराम है’ का संदेश दिया था, जबकि आज प्रधानमंत्री लोगों से घर में बैठने की बात कर रहे हैं।
कांग्रेस विधायक ने किसानों के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश में पिछले कई वर्षों से उर्वरकों की कमी बनी हुई है, लेकिन केंद्र सरकार व्यवस्था सुधारने के बजाय किसानों से यूरिया की खपत कम करने की अपील कर रही है। उनका दावा था कि छत्तीसगढ़ में करीब 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की जरूरत है, जबकि अभी तक मात्र 51 हजार मीट्रिक टन उर्वरक ही समितियों तक पहुंच पाया है। इससे किसानों की उत्पादकता प्रभावित हो रही है और वे कर्ज के बोझ तले दब रहे हैं।
महंगाई के मुद्दे पर हमला बोलते हुए उमेश पटेल ने कहा कि मोदी सरकार में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किचन का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और गृहिणियां हर जरूरी वस्तु में कटौती करने को मजबूर हैं। सोने की कीमतों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की तुलना में आज सोना कई गुना महंगा हो चुका है, जिससे आम आदमी की बचत खत्म हो रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर भी सवाल उठाए। उमेश पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने विदेश दौरों पर करोड़ों रुपये खर्च किए, जबकि देश के लोग महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री ईंधन बचाने की सलाह दे रहे हैं तो सबसे पहले भाजपा नेताओं, मंत्रियों और उनके काफिलों को कम करना चाहिए।
कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पेट्रोलियम उत्पादों पर बढ़े टैक्स को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी की आय और बचत घटती जा रही है और परिवारों को जरूरतें पूरी करने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है।
उमेश पटेल ने यह भी कहा कि देश में कच्चे तेल के भंडारण को लेकर मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में कोई नया बड़ा कदम नहीं उठाया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में मौजूद तेल भंडारण केंद्र यूपीए सरकार के कार्यकाल में बने थे और मौजूदा संकट केंद्र सरकार की लापरवाही का परिणाम है।
पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि “जब सरकार हालात संभाल नहीं पा रही, तब जनता से कम उपयोग करने की अपील की जा रही है। देश ने पहले भी संकट देखे हैं, लेकिन तब सरकारें समाधान निकालती थीं, जनता पर जिम्मेदारी नहीं डालती थीं।”
Author Profile
Latest entries
धर्म-कला -संस्कृति23/07/2026छत्तीसगढ़ के भांचा श्रीराम की आस्था के सम्मान में निकलेगी तीन दिवसीय “श्रीराम श्रद्धा यात्रा” “भांचा श्रीराम का सम्मान, ननिहाल छत्तीसगढ़ का प्रण — श्रद्धा के नारियल, रामलला के श्रीचरणों में समर्पण।”
राजनीति23/07/2026कांग्रेस शासन में करोड़ों का कथित सर्पदंश फर्जीवाड़ा,, पूर्व विधायक पांडे बताएं जिम्मेदार कौन ? – भाजपा
बिलासपुर23/07/2026बिलासपुर के हक की आवाज़ कौन उठाएगा ?.. शहर के मुद्दों पर सदन में सन्नाटा,, पूर्व विधायक ने पूछा— आखिर क्यों मौन हैं अमर अग्रवाल ?…
बिलासपुर21/07/2026एक गुंडा-एक जवान’ नीति लागू, सक्रिय बदमाशों पर रहेगी कड़ी नजर आईजी राम गोपाल गर्ग की कार्यशाला में प्रिवेंटिव पुलिसिंग पर जोर, गुंडा-निगरानी बदमाशों की सघन चेकिंग के लिए जारी हुई नई SOP
