बिलासपुर, जून, 15/2026
भारती नगर मुक्तिधाम का कायाकल्प: 1.5 करोड़ की लागत से हुआ जीर्णोद्धार, विधायक अमर अग्रवाल ने किया वृक्षारोपण
बिलासपुर। अग्रवाल सेवा समिति द्वारा संचालित भारती नगर मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का रविवार को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अवलोकन किया। इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित अग्रवाल समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने मुक्तिधाम परिसर में नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मुक्तिधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थल नहीं, बल्कि मानव जीवन की नश्वरता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। ऐसे स्थानों का स्वच्छ, सुरक्षित और गरिमामय होना आवश्यक है, ताकि दुख की घड़ी में आने वाले परिवारों को सम्मानजनक वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि अग्रवाल सेवा समिति समाज सेवा के उद्देश्य से इस मुक्तिधाम का सुव्यवस्थित संचालन कर रही है, जो सामूहिक सहयोग और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने महाराजा अग्रसेन के “एक रुपया और एक ईंट” के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने छोटे-बड़े योगदान से जनकल्याण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने शहर के अन्य समाजों से भी सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण और संचालन में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने रामसेतु निर्माण में गिलहरी के योगदान का उदाहरण देते हुए कहा कि सेवा कार्य में भावना और समर्पण सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। मुक्तिधाम के विकास और संचालन में योगदान देने वाले सभी समाजबंधु बधाई के पात्र हैं।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज अध्यक्ष शिव अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सीए आनंद अग्रवाल ने सेवा समिति के उद्देश्यों और कार्यों की जानकारी दी। अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत कर उन्हें स्मृति स्वरूप तुलसी के पौधे भेंट किए गए। साथ ही विभिन्न सामाजिक दानदाताओं को सम्मानित भी किया गया।
35 सीसीटीवी, पार्किंग और हरियाली से सुसज्जित हुआ मुक्तिधाम
अग्रवाल सेवा समिति के पदाधिकारियों अजय जाजोदिया, आनंद अग्रवाल, राजुल जाजोदिया, संजय अग्रवाल, मनीष अग्रवाल और अनिल अग्रवाल ने बताया कि अप्रैल 2025 से समिति द्वारा मुक्तिधाम के कायाकल्प का कार्य शुरू किया गया था। लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से यहां अंतिम संस्कार के लिए फायर ब्रिक्स युक्त पक्के चबूतरे, आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पंखे, लाइट, स्पीकर, दो वाटर कूलर, पार्किंग, गार्डन, पेड़-पौधे, स्नान एवं पेयजल व्यवस्था, अस्थि कलश लॉकर तथा अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं।
सुरक्षा के लिए परिसर में 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा रात में दूधिया रोशनी की व्यवस्था की गई है। मुक्तिधाम के रखरखाव के लिए माली, गार्ड, सफाईकर्मी और अंतिम संस्कार कार्यों हेतु कर्मचारियों की नियमित नियुक्ति भी की गई है। समिति प्रतिमाह लगभग डेढ़ लाख रुपये रखरखाव और वेतन मद में खर्च कर रही है।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष अग्रवाल ने तथा आभार प्रदर्शन अजय जाजोदिया ने किया।
Author Profile
Latest entries
छत्तीसगढ़15/06/2026सड़कों और पुलों के निर्माण की धीमी गति पर बिफरे उपमुख्यमंत्री अरुण साव, 2 ठेकेदारों के पंजीयन निरस्त… 8 को कारण बताओ नोटिस, 2 ठेकेदारों पर कार्रवाई के लिए मुख्य अभियंता से मंगाया प्रतिवेदन…
बिलासपुर15/06/2026भारती नगर मुक्तिधाम का कायाकल्प: 1.5 करोड़ की लागत से हुआ जीर्णोद्धार, विधायक अमर अग्रवाल ने किया वृक्षारोपण
Uncategorized15/06/2026आपातकाल की स्मृति में 28 जून को होगा राज्य स्तरीय सम्मान समारोह,, मुख्यमंत्री के हाथों लोकतंत्र सेनानी और युवा प्रतिभाएं होंगी सम्मानित…
बिलासपुर14/06/2026एसईसीएल नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का उत्साहपूर्ण समापन… नारी राग-रंग महोत्सव ने महिलाओं की छिपी प्रतिभाओं को नई पहचान दी : हरीश दुहन…
