• Tue. Mar 17th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

शराब के नशे में दोस्ती बनी दुश्मनी: दो भाइयों ने पीट-पीटकर की हत्या, भागने से पहले दबोचे गए आरोपी

बिलासपुर, मार्च, 17/2026

शराब के नशे में दोस्ती बनी दुश्मनी: दो भाइयों ने पीट-पीटकर की हत्या, भागने से पहले दबोचे गए आरोपी

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां शराब के नशे में दो भाइयों ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को प्रार्थी कृष्णा कौशिक (23 वर्ष) ने थाना सकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े भाई सतीश कौशिक की अज्ञात आरोपियों द्वारा मारपीट कर हत्या कर दी गई है। मामले में मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 254/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी राकेश कौशिक उर्फ छोटू (38 वर्ष) एवं उसका भाई गणेश कौशिक (36 वर्ष), दोनों निवासी सम्बलपुर, घटना के बाद से फरार थे। 16 मार्च को बीट आरक्षकों को सूचना मिली कि दोनों आरोपी ग्राम पांड में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम मेण्ड्रा में घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे मृतक सतीश कौशिक के साथ शराब पीने गए थे। नशे की हालत में सतीश द्वारा गाली-गलौच करने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान दोनों भाइयों ने मिलकर सतीश के साथ जमकर मारपीट की और उसे पीपल के पेड़ के नीचे गिरा दिया। सिर व मुंह में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार होकर मरही माता की ओर भागे और फिर मेण्ड्रा में अपने ससुराल में छिप गए थे, जहां से वे बाहर भागने की फिराक में थे। पुलिस की सतर्कता और बीट आरक्षकों की मुस्तैदी से उन्हें रात में ही पकड़ लिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय चौधरी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की सराहनीय भूमिका रही।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor