बिलासपुर, मई, 24/2026
कार्रवाई के नाम पर मेहमाननवाजी ? थाने में कबाड़ी को मिली VIP ट्रीटमेंट,, कप्तान के आदेश के बाद भी कार्रवाई पर सवाल,, तस्वीरें वायरल…
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार मामला कोनी थाना का है, जहां अवैध कबाड़ कारोबार पर कार्रवाई के बीच एक वायरल तस्वीर ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। तस्वीर में अवैध कबाड़ कारोबारी अकबर खान थाने के भीतर कुर्सी पर आराम से बैठा नजर आ रहा है, जबकि सामने मौजूद पुलिसकर्मी उसकी खातिरदारी करते दिखाई दे रहे हैं।
तस्वीर सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर जिस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई, उसे थाने में आरोपी की तरह रखा गया या किसी खास मेहमान की तरह? सोशल मीडिया पर वायरल फोटो को लेकर शहरभर में चर्चाओं का बाजार गर्म है और खाकी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कोनी थाना क्षेत्र में अवतार पैलेस के सामने संचालित अवैध कबाड़ दुकान पर हाल ही में पुलिस ने कार्रवाई की थी। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर में अवैध कबाड़ कारोबारियों पर सख्ती बरतने के निर्देश के बाद की गई थी। पुलिस ने अकबर खान के खिलाफ 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर दुकान सील करने की बात कही थी।
लेकिन कार्रवाई के तुरंत बाद सामने आई तस्वीर ने पूरी कहानी पर सवाल खड़े कर दिए। तस्वीर में आरोपी थाने के भीतर मेज के पास कुर्सी पर बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि दो पुलिसकर्मी उसके सामने मौजूद हैं। इस दृश्य को लेकर आम लोगों में नाराजगी है और इसे पुलिस–कबाड़ माफिया की सांठगांठ का उदाहरण बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, शहर में लंबे समय से अवैध कबाड़ कारोबार फल-फूल रहा है और इसे लेकर पुलिस की भूमिका पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। चर्चा यह भी है कि थाना स्तर पर संरक्षण के बदले नियमित लेनदेन होता है, जिसके कारण कार्रवाई अक्सर केवल दिखावे तक सीमित रह जाती है।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल का कहना है कि कबाड़ कारोबारी को दस्तावेज जांच के लिए बुलाया गया था और उसकी दुकान पर कार्रवाई की गई है। हालांकि वायरल तस्वीर के बाद लोगों के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या आम नागरिकों को भी थानों में इसी तरह बैठाकर सत्कार किया जाता है?
अब निगाहें पुलिस अधीक्षक पर टिकी हैं। देखना होगा कि वायरल तस्वीर में नजर आ रहे पुलिसकर्मियों पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई होती है या मामला केवल जांच तक सिमटकर रह जाएगा।
Author Profile
Latest entries
धर्म-कला -संस्कृति23/07/2026छत्तीसगढ़ के भांचा श्रीराम की आस्था के सम्मान में निकलेगी तीन दिवसीय “श्रीराम श्रद्धा यात्रा” “भांचा श्रीराम का सम्मान, ननिहाल छत्तीसगढ़ का प्रण — श्रद्धा के नारियल, रामलला के श्रीचरणों में समर्पण।”
राजनीति23/07/2026कांग्रेस शासन में करोड़ों का कथित सर्पदंश फर्जीवाड़ा,, पूर्व विधायक पांडे बताएं जिम्मेदार कौन ? – भाजपा
बिलासपुर23/07/2026बिलासपुर के हक की आवाज़ कौन उठाएगा ?.. शहर के मुद्दों पर सदन में सन्नाटा,, पूर्व विधायक ने पूछा— आखिर क्यों मौन हैं अमर अग्रवाल ?…
बिलासपुर21/07/2026एक गुंडा-एक जवान’ नीति लागू, सक्रिय बदमाशों पर रहेगी कड़ी नजर आईजी राम गोपाल गर्ग की कार्यशाला में प्रिवेंटिव पुलिसिंग पर जोर, गुंडा-निगरानी बदमाशों की सघन चेकिंग के लिए जारी हुई नई SOP
