बिलासपुर, सितंबर, 13/2026
मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल पर सेवा संकल्प अभियान…
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम…
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी इस बार एक माह तक निरंतर “सेवा संकल्प अभियान” चलाएगी। भाजपा के अनुसार 7 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी संवैधानिक प्रमुख के रूप में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण करेंगे। इसी उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों से आम लोगों के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
विधायक कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल की शुरुआत की थी। इसके बाद जनसेवा से राष्ट्रसेवा के मंत्र के साथ उनकी यात्रा लगातार जारी रही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, आवास, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर काम किए गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि 25 करोड़ गरीब परिवारों को गरीबी रेखा से बाहर लाने, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने, 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने तथा 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण जैसे कार्यों ने आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। इसके अलावा कोविड महामारी के दौरान 200 करोड़ से अधिक निशुल्क टीकाकरण और 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों के लिए आवास निर्माण को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
भारत की वैश्विक साख बढ़ी: कौशिक
धरमलाल कौशिक ने कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने देश का नेतृत्व संभाला, तब निराशा और अंधकार का माहौल था, लेकिन आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान और साख में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 37 अंतरराष्ट्रीय सर्वोच्च सम्मान 140 करोड़ देशवासियों के पुरुषार्थ का सम्मान हैं।
17 सितंबर को सेवा दिवस
भाजपा के अनुसार 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को “सेवा दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इसके बाद 17 अक्टूबर तक एक माह चलने वाले अभियान में बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक 12 सूत्रीय विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी अभियान में सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
कौशिक ने कहा कि अभियान के माध्यम से “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संदेश को आगे बढ़ाया जाएगा और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए कार्य किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री प्रदीप कौशिक, जिला मीडिया प्रभारी के.के. शर्मा और जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय उपस्थित रहे।
Author Profile
Latest entries
राजनीति13/09/2026मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल पर सेवा संकल्प अभियान… 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम…
बिलासपुर13/09/2026विधायक के जन्मदिन में सड़क बनी जश्न का मंच, जनता घंटों जाम में हलाकान; यातायात प्रशासन सवालों के घेरे में ?
Uncategorized13/09/2026सरकंडा पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब पिलाने वालों समेत 7 बदमाशों पर कार्रवाई
अपराध13/09/2026सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी के दो मामलों में सफलता… कंप्यूटर उपकरण और एक्टिवा स्कूटी बरामद, नाबालिग सहित दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में…
