• Tue. Sep 15th, 2026

News look.in

नज़र हर खबर पर

खड़ी स्कूटी और बाइक में आग लगाने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार…

बिलासपुर, सितंबर, 15/2026

खड़ी स्कूटी और बाइक में आग लगाने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार…

सरकंडा पुलिस की कार्रवाई, पूछताछ में दो वारदातों का किया खुलासा; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया…

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में खड़ी गाड़ियों में आग लगाने और लोगों को धमकाने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू, गजनी उर्फ पेचकस (29), निवासी भंडारी प्लांट, बंधवापारा, सरकंडा के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला 10 सितंबर की रात का है। सूर्या चौक चिंगराजपारा स्थित द्वारका प्रसाद यादव के किराए के मकान में खड़ी गौरी देवांगन की स्कूटी क्रमांक CG 10 BE 3159 में अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। घटना में स्कूटी समेत अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। इस मामले में सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1288/2026 के तहत धारा 326(g) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

वहीं, दूसरा मामला 13 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे का है। पुलिस के मुताबिक, बंधवापारा निवासी नफीस खान से आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद प्रार्थी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EE 7267 को चोरी कर बंधवापारा भंडारी प्लांट रोड के पास ले जाकर आग लगा दी गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 1320/2026 के तहत धारा 119(1), 296, 351(2) और 326(f) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध किया गया था।

मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों से गिरफ्तारी

दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महेश कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। अपने मेमोरेंडम कथन में उसने 13 सितंबर को नफीस खान की मोटरसाइकिल चोरी कर जलाने तथा 10 सितंबर को सूर्या चौक चिंगराजपारा में गौरी देवांगन की स्कूटी में बोतल से पेट्रोल डालकर आग लगाने की जानकारी दी।

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Author Profile

Lokesh war waghmare - Founder/ Editor
Latest entries

You missed